महंत धर्म प्रकाश महाराज ने सहयोग करने वालों का सम्मान कर जताया आभार
Betul Ki Khabar/मुलताई। जौलखेड़ा में विगत 10 दिनों से आयोजित शत चंडी महायज्ञ का शुक्रवार रात खाटू श्याम बाबा की ज्योत एवं भजन के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर मठ के महतं धर्म प्रकाश महाराज द्वारा पूरे आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों का चुन चुन कर सम्मान किया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार ने कहा कि महंत धर्म प्रकाश महाराज द्वारा भव्य धार्मिक अनुष्ठान करके जौलखेड़ा सहित पूरे क्षेत्र में सनातन धर्म की अलख जलाने का कार्य किया है। उन्होने कहा कि उनके गृह ग्राम में सतत 10 दिनों तक हजारों लोगों का प्रतिदिन आगमन हुआ तथा सभी ने शत चंडी महायज्ञ में आहुति डालकर पुण्य लाभ प्राप्त किया यह हमारा सौभाग्य है। समापन अवसर पर श्याम बाबा के सुमधुर भजनों की प्रस्तुति आमला के गायक सुमीत महतकर तथा जयपुर की कृपा पटेल ने दी।

Betul Samachar: भाजपा के दबाव में आदिवासियों पर पुलिस ने बनाए गंभीर प्रकरण जीतू पटवारी
दोनों ही गायक गायिकाओं ने श्याम बाबा के एक से बढ़कर एक भजन सुनाकर उपस्थित हजारों श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। सुमीत महतकर के तीन बाण के धारी अब तो बाण चलाओ ना भजन पर उपस्थित श्रोता झूमे तथा युवा वर्ग जमकर थिरका। कृपा पटेल द्वारा राम आएंगे तो अंगना सजाएंगे पर उनके साथ महिला श्रोताओं ने भी भजन गाया जिससे पूरा माहौल खाटू श्याम बाबा की भक्ति में डूब गया। शानदार संगीत संयोजन तथा साऊंड एवं प्रकाश व्यवस्था से आयोजन भव्य नजर आया तथा देर रात तक लोग श्याम भजनों से भक्ति के सागर में डूबते उतरते रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर से रात तक विशाल भंडारा चलता रहा जिसमें जौलखेड़ा सहित आसपास के लगभग एक दर्जन गांवों से महायज्ञ स्थल पर पहुंचे 20 हजार से अधिक लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

