सूर्योदय के पूर्व से मंदिरों में गूंजे बम बम भोले के जयकारे

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर पूरे दिन शिव रही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़

Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। पवित्र नगरी में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर सूर्योदय के पूर्व से ही ताप्ती तट स्थित शिव मंदिरों में भगवान शिव के जयकारे गूंजने लगे। हर हर महादेव, बम भोले एवं शिव शिव शंभू के जयकारों से पूरा ताप्ती तट गूंज उठा। श्रावण सोमवार पर शिव भक्त सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक एवं पूजन करने ताप्ती तट पर पहुंचने लगे जिससे ताप्ती तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नजर आए। नगर के चिंतेश्वर एवं तप्तेश्वर शिव मंदिरों में श्रद्धालु पूजन सामग्री लेकर पहुंचे तथा विधि विधान से भगवान शिव का पूजन एवं आराधना की। श्रावण मास में सोमवार भगवान शिव के पूजन का विशेष महत्व होने के कारण ग्रामीण अंचलों से भी लोग ताप्ती तट पहुंचे तथा पूजा अर्चना की। सुबह से लेकर रात तक शिव मंदिरों में पूजन एवं अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रही जिससे ताप्ती तट का माहौल पूरी तरह शिव मय नजर आया। शिव भक्तों ने बेलपत्र सहित अन्य पूजन सामग्री से भगवान शिव का पूजन किया इस दौरान ताप्ती तट पर पूजन सामग्री बेचने वालों की दुकानों पर भी भारी भीड़ नजर आई। ताप्ती तट के अलावा नगर के अन्य शिव मंदिरों एवं शिवलिंग का जगह जगह पूजन किया गया। ऐसी मान्यता है कि श्रावण मास में सोमवार भगवान शिव की आराधना एवं विधि विधान से पूजन करने पर पुण्य फल की प्राप्ति होती हैl जिसके तहत नगर सहित पूरे क्षेत्र के शिव मंदिरों में भगवान शिव का पूजन किया गया।

डहुआ एवं हेटी से पहुंची कांवर यात्रा (Betul Ki Taja Khabar)

श्रावण मास में शिवलिंग पर पवित्र नदियों का जल चढ़ाने की भी मान्यता होने से बड़ी संख्या में पूरे महीने कांवर यात्रा निकलती है। नगर के आसपास के ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालु कांवर यात्रा लेकर पवित्र नगरी पहुंचते हैं जहां से कांवर में ताप्ती का पवित्र जल ले जाकर शिवलिंग का अभिषेक करते हैं। इसी तारतम्य में नगर में प्रथम सोमवार ग्राम डहुआ तथा हेटी से ताप्ती तट पर कांवर यात्रा पहुंची जहां कांवरियां ताप्ती का जल कांवर में भरकर गांव के शिव मंदिरों में ले गए जिससे अभिषेक किया गया कांवर यात्री पैदल कांधे पर कांवर लेकर गाजे बाजे के साथ भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए ताप्ती तट पहुंचे जहां विधि विधान से पूजन किया गया। इस दौरान शिव भक्तों का उत्साह देखने योग्य रहा। बच्चे बड़े बूढ़े सहित बड़ी संख्या में महिलाएं कांवर यात्रा में शामिल हुई तथा हेटी से 25 किलोमीटर की पैदल यात्रा की वहीं डहुआ से लगभग 20 किलोमीटर की पैदल यात्रा श्रद्धालुओं ने करते हुए भगवान शिव का विधि विधान से पूजन एवं अभिषेक किया।

Betul Ki Khabar: बेटी बचाओं, बेटी पढ़ाओं पर कार्यक्रम आयोजित, दिया प्रशिक्षण

मांग मातंग समाज ने किया प्रसादी का आयोजन (Betul Ki Taja Khabar)

प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रावण मास के प्रथम सोमवार ताप्ती तट पर मांग मातंग समाज द्वारा प्रसादी की आयोजन किया गया। श्रावण सोमवार पर श्रद्धालुओं का व्रत होने से समाज के लोगों द्वारा साबूदाने के प्रसाद का वितरण किया गया। मांग मातंग समाज के नत्थू देवहारे, सुखदास तायवाड़े, रामकृष्णा देवहारे, सुनील खड़से, नीलेश इंगले, बबलू देवहारे, चंदा तायवाड़े, धीरज खड़से, राज देवगढ़े, अन्नु खड़से, छोटू देव्हारे, शुभम खड़से, मुकेश देव्हार, कबीर इंगले, आदित्य तायवाड़े, विक्की देव्हारे, कालू देव्हारे, जग्गू देव्हारे आदि ने बताया कि श्रावण मास में ही भगवान शिव ने समुद्र मंथन से निकला विष का पान किया था इसलिए श्रावण मास का विशेष महत्व है। मंदिरों में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए प्रतिवर्ष प्रसादी का वितरण किया जाता है।

Leave a Comment