Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। कृषि उपज मंडी प्रांगण में शुक्रवार को सोयाबीन की आवक शुरू हुई। इस अवसर पर मंडी सचिव श्रीमती शीला खातरकर ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 24 अक्टूबर 2025 से सोयाबीन पर भावांतर योजना प्रारंभ की गई है। मंडी सचिव ने किसानों से आग्रह किया कि वे अपनी सोयाबीन फसल के साथ पंजीयन एवं आधार कार्ड लेकर नजदीकी कृषि उपज सहकारी संस्था या मंडी प्रांगण में पहुंचें और योजना का लाभ प्राप्त करें।
‘एक शाम बाबा खाटू नाम’ भजन संध्या में गूंजे श्याम के भजन, श्रद्धा और भक्ति में डूबे श्रद्धालु
उन्होंने बताया कि अब तक 945 किसानों का भावांतर योजना के अंतर्गत पंजीयन हो चुका है। इस दौरान जौलखेड़ा के किसान श्याम किशोर पाठेकर ने मंडी पहुंचकर अपनी सोयाबीन फसल बेची। इस अवसर पर मंडी सचिव श्रीमती शीला खातरकर ने किसान का माला पहनाकर स्वागत किया। मंडी में इस दिन दो क्विंटल सोयाबीन की आवक दर्ज की गई, जिस पर बोली लगाई गई। इसके साथ ही एक किसान ने मक्का, जबकि दूसरे किसान ने सोयाबीन की उपज बिक्री हेतु लाई। मंडी सचिव ने कहा कि भावांतर योजना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। कार्यक्रम के दौरान मंडी के समस्त कर्मचारी एवं व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।

