Betul Ki Taja Khabar/मुलताई। नगर के बैतूल रोड स्थित अरिहंत लॉन में 21 मार्च से 22 मार्च तक भारतीय जनता पार्टी का मंडल स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यशाला प्रारंभ हो रहा है। यह प्रशिक्षण पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान – 2026 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण वर्ग में नगर मंडल मुलताई, दुनावा मंडल एवं साईंखेड़ा मंडल के कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यशाला का आयोजन 21 मार्च शनिवार दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होकर 22 मार्च रविवार दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा। जिसमें शनिवार एवं रविवार को चार-चार सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश एवं संभाग स्तर के वक्ता, साथ ही जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, रीति-नीति एवं संगठनात्मक कार्यशैली पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चंद्रशेखर देशमुख, गणेश साहू, अमित पवार एवं साईंखेड़ा मंडल अध्यक्ष राजेश हिंगवे ने विधानसभा मुलताई के सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग में समयानुसार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।

