Betul Local News/मुलताई। प्रभात पट्टन विकासखंड के ग्राम वायगांव में आयोजित प्रज्ञा पुराण कथा के समापन अवसर पर 24 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां दीं। अंतिम दिन ग्राम के दो युवाओं विशाल संतोष बारस्कर एवं चेतन बाबाराव लोखंडे के भारतीय सेना में चयन होने पर मंच से सम्मान किया गया। यज्ञ में गायत्री मंत्रोच्चार के साथ सभी के स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई। गायत्री परिवार के प्रवक्ता सुभाष कुम्भारे ने बताया कि यज्ञीय वातावरण में वैदिक परंपरा अनुसार यज्ञोपवीत, विद्यारंभ, पुंसवन, मुंडन सहित षोडश संस्कार सम्पन्न कराए गए।
Read Also- संकेतक बोर्ड से टकराकर 20 फीट दूर गिरा बाइक सवार, मौके पर मौत
शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे कथावाचक सुरेंद्रनाथ वर्मा ने युग निर्माण योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। देव संस्कृति विश्वविद्यालय से आई देवकन्याओं ने गायत्री परिवार की गतिविधियों की जानकारी देते हुए प्रज्ञागीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित जिलेभर से आए गायत्री परिजनों की उपस्थिति रही और आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

