पवित्र नगरी का माहौल हुआ धर्ममय
Betul Local News/मुलताई। मां ताप्ती की पवित्र नगरी मुलताई में प्रतिदिन धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान संपन्न होते रहते हैं। इसी तारतम्य में विगत 28 जनवरी से मेला मैदान पर श्री ताप्ती सूर्य महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रतिदिन हवन संपन्न हो रहा है। महायज्ञ में नगर सहित पूरे क्षेत्र से श्रद्धालु उपस्थित होकर आहुति डाल रहे हैं तथा महायज्ञ से उठते हुए धुंए से पूरे नगर का माहौल पवित्र एवं धर्ममय हो गया है। इस संबन्ध में महायज्ञ के आयोजक चमत्कारी हनुमान मंदिर बघोली बुजुर्ग के अजाब राव साबले ने बताया कि महायज्ञ का समापन मंगलवार होने जा रहा है। महायज्ञ के प्रथम दिन बुधवार भव्य शोभायात्रा एवं चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया जिसके बाद महायज्ञ के लिए अग्नि मंथन प्रज्वलन हुआ। गुरूवार से लेकर सोमवार तक सुबह प्रतिदिन 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक हवन का आयोजन किया गया। मंगलवार महायज्ञ के समापन अवसर पर पूर्णाहुति के साथ महाआरती एवं भंडारा प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ के समापन पर नगर सहित पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं से पूर्णाहुति एवं भंडारा प्रसादी में शामिल होने की अपील की गई है।

