ताप्ती मंदिर से निकली यात्रा 5 किलोमीटर दूर पहुंची सोनोली धाम मंदिर
Betul Local News/मुलताई। फागुन महोत्सव पर शुक्रवार सुबह ताप्ती तट से खाटू श्याम बाबा के भक्तों द्वारा भव्य निशान यात्रा निकाली गई जिसमें जमकर रंग गुलाल उड़ा। गाजे बाजे के साथ धूमधाम से श्याम भक्त निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारे लगाते हुए निकले तथा एक दूसरे को रंग गुलाल लगाया। सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुई ध्वज यात्रा नगर में भ्रमण करने के बाद खाटू श्याम मंदिर सोनोली धाम की ओर रवाना हुई तथा लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा तय कर मंदिर पहुंची जहां विधि विधान से पूजन एवं आरती संपन्न हुई। मंदिर ट्रस्ट के नवीन ओंकार तथा विक्की मित्तल ने बताया कि प्रतिवर्ष फागुन मास की ग्यारस को बाबा श्यामकी निशान यात्रा का आयोजन सोनोली धाम ट्रस्ट के द्वारा किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में नगर सहित क्षेत्रवासी शामिल होते हैं उन्होने बताया कि इस दौरान मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान संपन्न होते हैं। फागुन महोत्सव के लिए मंदिर में विशेष साज सज्जा की जाती है तथा सुबह से लेकर शाम तक पूरे जिले सहित महाराष्ट्र से भी श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए तांता लगा रहता है। फागुन महोत्सव पर मंदिर परिसर में विशेष साज सजावट के साथ श्याम भजनों का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रख्यात श्याम भजन गायक गायिकाओं द्वारा सुमधुर प्रस्तुति दी गई।
Crime News: मुलताई थाने में दुष्कर्म के आरोपी ने लॉकअप मे लगाई फांसी

