5 मई को होगा सामूहिक विवाह, आवेदन आमंत्रित
Betul Local News/मुलताई। जनपद पंचायत मुलताई द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं मुख्यमंत्री निकाह योजना के अंतर्गत महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। कार्यालय जनपद पंचायत मुलताई, जिला बैतूल द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि मई 2026 में सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह आयोजन 05 मई 2026 को जनपद पंचायत मुलताई, नगर पालिका परिषद मुलताई एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से आयोजित होगा। इसके लिए पात्र हितग्राहियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग प्रदान करना है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा इस योजना के अंतर्गत पात्र जोड़ों को आर्थिक सहायता भी दी जाती है, जिससे गरीब परिवारों को विवाह में मदद मिल सके। जनपद पंचायत द्वारा बताया गया है कि आवेदन की अंतिम तिथि 21 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर स्वीकार किए जाएंगे तथा निर्धारित संख्या लगभग 200 तक ही आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज जैसे – आधार कार्ड, समग्र आईडी, आयु प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण एवं अन्य दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। साथ ही वर-वधु की आयु क्रमशः 21 वर्ष एवं 18 वर्ष पूर्ण होना आवश्यक है। जनपद पंचायत ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।
Read Also: प्रशांत भार्गव पुनः भारत विकास परिषद के बने अध्यक्ष

