Betul Local News/मुलताई। गायत्री नगर पारेगांव रोड स्थित आयोजन स्थल पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के मार्गदर्शन में गुलाबराव चिलहाटे परिवार द्वारा आयोजित 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ में गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र के साथ आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। इस दौरान राष्ट्र के नव निर्माण, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जा रही है।
वहीं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक तथा रात्रि 8 बजे से 10 बजे तक प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन के माध्यम से पूज्य गुरुदेव वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को टोली नायक पंडित खेमचंद विशाल बन्देवार द्वारा श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कथा के दौरान व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला जा रहा है। साथ ही रामचरित मानस के प्रसंगों के माध्यम से भाईचारे, प्रेम एवं आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है। समाज में व्याप्त कुरीतियों, दहेज प्रथा और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाते हुए युवाओं को बिना दहेज विवाह के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गायत्री परिवार के मीडिया प्रभारी नारायण देशमुख ने बताया कि इस पावन आयोजन में मुलताई सहित आसपास के सोनार, सांडीया, नरखेड़, कामथ, खड़ाआमला, कुजबा सहित अनेक गांवों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
Read Also: ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों से मिले विधायक, अधिकारियों को शीघ्र सर्वे के निर्देश
आयोजक परिवार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भी अन्नप्राशन, नामकरण, पुंसवन, गर्भोत्सव एवं दीक्षा संस्कार करवाना चाहते हैं, वे प्रतिदिन सुबह 8 बजे यज्ञ स्थल पर पहुंचकर निःशुल्क संस्कार संपन्न करा सकते हैं।

