BETUL NEWS/मुलताई। विधायक श्चंद्रशेखर देशमुख ने अपने अथक प्रयासों से क्षेत्रवासियों को एक और बड़ी सौगात दी है। वर्धा-2 मध्यम उद्वहन सिंचाई परियोजना के सर्वेक्षण कार्य को जल संसाधन विभाग की ओर से प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। सर्वेक्षण कार्य के पूर्ण होने के पश्चात वर्धा-2 परियोजना की अंतिम स्वीकृति मिलने की संभावना है, जिससे क्षेत्र की 3200 हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी। इस परियोजना का लाभ प्रभातपट्टन ब्लॉक के तिवरखेड़, पाबल, वंडली सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा। इससे न केवल सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि ग्रामीण अंचलों में पीने के पानी की समस्या का भी समाधान संभव होगा।
इस सिंचाई परियोजना से न केवल सिंचाई रकबे में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की उत्पादन क्षमता, आय, और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा। इससे क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से विकास की गति बढ़ेगी। चंद्रशेखर देशमुख अब तक मुलताई विधानसभा क्षेत्र में 17 डेम स्वीकृत करवा चुके हैं, और यह वर्धा-2 परियोजना उनके सफल प्रयासों की एक और मिसाल है। क्षेत्र की जनता में इस स्वीकृति को लेकर हर्ष और आभार का वातावरण है