BETUL NEWS: साप्ताहिक बाजार के अंदर जगह जगह मार्ग पर जगह जगह कीचड़

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                     बारिश से दुकानदारों सहित ग्राहकों को हो रही परेशानी

BETUL NEWS/मुलताई। नगर पालिका द्वारा पुराने नागपूर रोड पर बाजार शिफ्ट किए लंबा समय हो चुका है लेकिन अभी भी बाजार में बैठने वाले किसान व्यापारियों एवं ग्राहकों को सुविधाएं नही होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल बारिश के कारण बाजार में जगह जगह मार्ग पर कीचड़ नजर आ रहा है जिससे फिसलन हो गई है। ऐसी स्थिति में यदि और बारिश हुई तो मार्ग पर जहां चलना मुश्किल हो सकता है वहीं फिसलन के कारण दुर्घटनाएं भी हो सकती है। हालांकि स्थानीय व्यापारियों के द्वारा जगह जगह दुकान के लिए पत्थरों से बिक्री स्थल बना लिए गए हैं लेकिन बाजार के मध्य से गुजरने वाले मार्ग पर कीचड़ अभी खत्म नही हुआ है जिससे आगे बारिश के कारण बाजार जाने वाले लोगों को समस्या उठाना पड़ सकता है। बाजार को सुव्यवस्थित करने के लिए मार्ग पर मुरूम एवं बजरी डालना आवश्यक है ताकि बारिश के दौरान भी मार्ग पर कीचड़ जमा नहीं हो सके। विगत दो दिनों तक लगातार बारिश के कारण बाजार स्थल पर कीचड़ हो गया है ऐसी स्थिति में यदि और बारिश होती है तो समस्या और अधिक गंभीर हो सकती है। बताया जा रहा है कि अभी लगातार बारिश होना है जिससे बाजार की स्थिति बिगड़ सकती है जिसके कारण बाहर से आने वाले किसानों सहित व्यापारियों को परेशानी उठाना पड़ सकता है।

बाजार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

पुराने नागपूर रोड से कामथ क्षेत्र तक साप्ताहिक बाजार के लिए पर्याप्त जगह होने से बाजार का स्वरूप बढ़ गया है। जहां पहले नवीन शाला की भूमि पर बाजार एक दायरे में लगता था वहीं अब मुलताई सहित कामथ पंचायत तक बाजार फैल गया है ऐसी स्थिति में बाजार में आने वाले किसानों एवं व्यापारियों के लिए मूलभूत सुविधाएं नगर पालिका को प्राथमिकता से उपलब्ध कराना चाहिए। बाजार में मार्ग पर जमा कीचड़ को हटाकर बजरी एवं मुरूम डालना आवश्यक है। पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था होना चाहिए ताकि पानी जमा नहीं हो सके। बाजार स्थल पर शौचालय सहित प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था होना चाहिए क्योंकि बाजार उठते उठते रात हो जाती है इसलिए निश्चित दूरी पर हाईमास्ट सहित अन्य लाईट लगाना आवश्यक है। इसके अलावा पेयजल एवं अन्य सुविधाएं किसान एवं व्यापारियों को उपलब्ध कराना आवश्यक है। Read Also:- प्रह्लाद डहाके: एक प्रतिभावान धावक की उड़ान

सुविधाओं के प्रस्ताव तो लिए लेकिन क्रियान्वयन नहीं

नगर पालिका द्वारा साप्ताहिक बाजार में मूलभूत सुविधाओं के प्रस्ताव तो लिए गए हैं लेकिन जमीनी स्तर पर अभी कार्य प्रारंभ नही हो सके हैं। व्यवहारिक दृष्टि से बारिश के पूर्व बाजार में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाना था ताकि बाहर से आने वाले किसानों एवं व्यापारियों को पर्याप्त सुविधाएं मिल सकें। नगर पालिका द्वारा अब स्थाई तौर पर पुराने नागपूर रोड पर बाजार शिफ्ट कर दिया गया है जिससे अब बाजार को पूरी तरह सुविधायुक्त बनाना आवश्यक हो गया है। बताया जा रहा है कि पर्याप्त जगह होने से दिन पर दिन बाजार का स्वरूप बढ़ सकता है क्योंकि बाजार में पहले की अपेक्षा अब दूर दूर से व्यापारियों एवं किसानों का आना प्रारंभ हो चुका है।

Leave a Comment