पवित्र नगरी में धूमधाम से मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, बाल कृष्ण और नंद बाबा की झांकी आकर्षण
Betul News/मुलताई। पवित्र नगरी में शनिवार रात ताप्ती तट पर जन्माष्टमी की धूम रही तथा रात ठीक 12 बजते ही मंदिरों में घंटे घड़ियालों की ध्वनि के साथ ही गूंज उठा नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की। भक्तों ने झूम झूम कर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए तथा एक दूसरे को बधाई दी। ताप्ती तट स्थित स्थित जगदीश मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर में शाम से ही आयोजन प्रारंभ हो गए। भगवान के समधुर भजनों के साथ ही जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगते रहे। 12 बजते ही ताप्ती तट भगवान के जयकारों से गूंज उठा जिससे पूरा ताप्ती तट भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में झूम उठा। मंदिरों में आरती के बाद प्रसादी का वितरण हुआ। ताप्ती तट पर श्रीकृष्ण जन्म के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और जन्माष्टमी पर्व पूरे भक्ति भाव के साथ मनाया। इस दौरान सत्यनारायण मंदिर से बाल कृष्ण एवं नंदबाबा की झांकी भी निकाली गई जो सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। बारिश के कारण ताप्ती का जल तट के उपर से बह रहा था जिसमें जिसमें नंदबाबा टोकरी में बाल कृष्ण को लेकर चल रहे थे। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाल कृष्ण के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। इधर खाटू श्याम मंदिर सोनोली धाम में भी पूरे दिन आयोजन चलते रहे तथा रात कृष्ण के समुधुर भजनों से कार्यक्रम का समापन किया गया।
नीलय डागा को कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई देने का सिलसिला लगातार जारी

