""CMCLDP क्लास में भगवान बिरसा मुंडा जयंती का किया आयोजन""
BETUL NEWS/आठनेर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में चलने वाली मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम आठनेर की कक्षा मे जनजातीय गौरव दिवस अंतर्गत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती का कार्यक्रम उत्साह पूर्वक आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम की भूमिका को मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वक मधु चौहान द्वारा रखा गया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जनपद सदस्य राजू सलाम ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के वे महानायक थे जिन्होंने जल-जंगल-जमीन की रक्षा और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।उनके संघर्ष ने न केवल समाज को नई दिशा दी,बल्कि आत्मसम्मान व स्वाभिमान की अलख जगाई।मंच पर उपस्थित परामर्शदाता गोवर्धन राने ने कहा कि आज की पीढ़ी को बिरसा मुंडा के अटूट साहस,संघर्ष और समाजहित में जो कार्य किया उससे सीखने की आवश्यकता है।
Read Also: सांस्कृतिक कार्यक्रम नाटकों के माध्यम से आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास को दर्शाया
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष और सत्य के प्रति अडिग विश्वास का अनुपम प्रतीक है।नवांकुर संस्था भवर्थ जन कल्याण सेवा संस्था के अध्यक्ष कैलाश आजाद ने कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं,बल्कि सामाजिक न्याय, आत्मसम्मान और वनवासियों के अधिकारों के योद्धा थे। कार्यक्रम में मंच पर नवांकुर संस्था ताप्ती प्रभास के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े एवं जागृति ग्राम विकास सेवा समिति बरखेड़ के अध्यक्ष देवीदास गावंडे सहित सभी परामर्शदाता एवं बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता,रंगोली प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी का कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने के संकल्प के साथ किया गया।

