मां ताप्ती की महिमा जन जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रारंभ हुई मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                  तीन प्रदेशों की सीमाओं से होकर 2 हजार किलोमीटर पैदल चलेंगे ताप्ती भक्त, करेंगे लोगों को जागरूक

BETUL NEWS/मुलताई। मां ताप्ती की महिमा जन जन तक पहुंचाने एवं लोगों को नदियों के प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ पवित्र नगरी में शुक्रवार सुबह मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। लगभग 2 हजार किलोमीटर की यात्रा ताप्ती भक्त पैदल चलकर पूर्ण करेंगे जिसमें तीन प्रदेशों की सीमाओं से होकर ताप्ती समुद्र संगम स्थल डूमस तक पहुंचेगें तथा वहां से वापस पवित्र नगरी आएंगे जिसमें 2 माह का समय लगेगा। 2 जनवरी शुक्रवार से प्रारंभ हुई परिक्रमा यात्रा का समापन 5 मार्च को शाम 6 बजे ताप्ती तट पर होगा। परिक्रमा पदयात्रा समिति के राजू पाटनकर तथा नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा में इस वर्ष 56 पदयात्री संपूर्ण यात्रा में शामिल हो रहे हैं जिसमें पहली बार 7 श्रद्धालु महिलाएं भी संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा करेगी। पदयात्रा मध्यप्रदेश से होकर महाराष्ट्र होते हुए गुजरात पहुंचेगी जहां डूमस समुद्र संगम स्थल पर मां ताप्ती के उद्‌गम का जल संगम में प्रवाहित किया जाएगा। परिक्रमा यात्रा का उद्देश्य ताप्ती का जल प्रदूषण मुक्त रखने, तटों स्वच्छ रखने तथा आम जन को ताप्ती का महत्व बताकर जागरूक करना है।

मां ताप्ती का पूजन कर प्रारंभ हुई पदयात्रा

पवित्र नगरी में शुक्रवार सुबह 8 बजे मां ताप्ती का पूजन कर मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा निकली। गाजे बाजे के साथ निकली पदयात्रा प्रदक्षिणा मार्ग से होते हुए मासोद रोड पर स्थित मरही माता मंदिर पहुंची। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में ताप्ती भक्त मां ताप्ती की ध्वजाएं लेकर गाते बजाते जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। पदयात्रा को नगरवासियों ने अपने घरों के सामने रांगोली बनाकर तथा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जय मां ताप्ती के जयकारों के साथ पदयात्रियों ने मरही माता मंदिर में प्रसादी ली जिसके बाद आगे ज्ञानेश्वर मंदिर में पदयात्रियों को चाय पानी कराया गया। इसके बाद पदयात्रा सांडिया होते हुए ताईखेड़ा पहुंची। नगर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रियों को रवाना करने सांडिया एवं ताईखेड़ा पहुंचे जहां से पदयात्रा आगे के लिए रवाना हुई।

Read Also: राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान में शिवम पात्रेकर का हुआ चयन

सांडिया एवं ताईखेड़ा में हुआ भव्य स्वागत

मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा में दूर दूर से आकर ताप्ती भक्त शामिल हो रहे हैं। पदयात्रा में शामिल ताप्ती भक्तों का सांडिया के बाद ताईखेड़ा में भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ताप्ती भक्तों का पुष्प वर्षा से स्वागत करते हुए ताप्ती के किनारे भोजन की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने पूरे उत्साह एवं प्रेम से पदयात्रियों को भोजन कराया इस दौरान नगर से भी बड़ी संख्या में लोग ताईखेड़ा पहुंचे। पदयात्रियों ने बताया कि मां ताप्ती का स्मरण कर वे 2 हजार किलोमीटर की कठिन पदयात्रा पूर्ण करते हैं। जिसमें ताप्ती के तटों से जंगल पहाड़ पगडंडियों से होते हुए वे तीन प्रदेशों की सीमाओं को पार करते हुए गुजरात के डूमस पहुंचते हैं तथा वहां से वापस पवित्र नगरी लौटते हैं।

नगर में परिक्रमा यात्रा को लेकर रहा भारी उत्साह

मां ताप्ती संपूर्ण परिक्रमा पदयात्रा को लेकन नगरवासियों में भारी उत्साह देखा गया जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा में शामिल नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, सभापति अजय यादव, महेन्द्र जैन, सुरेश पौनीकर, सुमित शिवहरे, पुरूषोत्तम अग्रवाल, योगेश अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली परिक्रमा यात्रा मां ताप्ती के प्रति प्रगाढ़ आस्था का प्रतिक है जिसमें नगर सहित पूरे क्षेत्रवासी श्रद्धाभाव से शामिल होते हैं। वर्षों पूर्व प्रारंभ हुई यह यात्रा धीरे धीरे वृहद रूप में आयोजित होने लगी है तथा तीनों प्रदशों के लोगों को जोड़ने का काम करने वाली परिक्रमा यात्रा से अब लोग जुड़कर मां ताप्ती के प्रति जागरूक हो रहे हैं जिससे परिक्रमा यात्रा का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

Leave a Comment