मां ताप्ती मंदिर नवनिर्माण के लिए कोराड़ी मंदिर का ड्राईंग डिजाईन देखने पहुंचे ट्रस्ट के सदस्य

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                            भव्य मंदिर निर्माण की बन रही रूपरेखा, मंदिर निर्माण के लिए लंबे समय से चल रही प्रक्रिया

BETUL NEWS/मुलताई। मां ताप्ती मंदिर के नवनिर्माण के लिए लंबे समय से प्रक्रिया चल रही है तथा अब इसकी रूपरेखा बनना प्रारंभ हो गया है। मां ताप्ती का मंदिर भव्य एवं आकर्षक बने इसके लिए मंदिर निर्माण की कला में निपुण शिल्पकारों से चर्चा की जा रही है। इसी तारतम्य में मां ताप्ती मंदिर ट्रस्ट के पुरूषोत्तम अग्रवाल, विश्वनाथ विहिते, राजू पाटनकर, गोलू खंडेलवाल, अजय यादव, सुमीत शिवहरे, नवनीत चंदेल, चंदू देशमुख सहित नरेन्द्र गिरी गोस्वामी नागपूर के पास स्थित कोराड़ी मंदिर पहुंचे जहां मंदिर की ड्राईंग डिजाईन देखकर मंदिर ट्रस्ट के उप प्रबंधक से मंदिर निर्माण के संबन्ध में विभिन्न जानकारी ली। मां ताप्ती मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि कोराड़ी मंदिर का आकर्षक एवं भव्य नवनिर्माण हुआ है इसी तरह मां ताप्ती के मंदिर का भी निर्माण होना आवश्यक है। उन्होने बताया कि हालांकि मां ताप्ती मंदिर के लिए जगह सीमित है इसके बावजूद मंदिर का भव्य एवं आकर्षक निर्माण हो यही प्रयास किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि पूर्व में कई मंदिर निर्माण करने वाले शिल्पकारों से चर्चा की जा चुकी है जिसके बाद कोराड़ी मंदिर के आकर्षक नव निर्माण की जानकारी मिलने पर सदस्य कोराड़ी पहुंचे। उन्होने बताया कि जिस ठेकेदार ने कोराड़ी मंदिर का नव निर्माण किया है उससे भी चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि मां ताप्ती मंदिर लंबे समय से क्षतिग्रस्त हो चुका है जिससे मंदिर के अंदर के परिक्रमा मार्ग को प्रतिबंधित कर दिया गया है। बारिश में मंदिर के अंदर पानी पहुंचने से लगातार मंदिर को क्षति पहुंचे रही है जिससे अब स्थिति खतरनाक होते जा रही है। ऐसी स्थिति में मंदिर का पुनः नव निर्माण आवश्यक हो गया है जिसके लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ताप्ती मंदिर दान पेटी से निकले 7 लाख 32 हजार रूपए

मां ताप्ती के मंदिर में दूर दूर से आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा दानपेटियों में दान किया जाता है जिसकी गणना ताप्ती ट्रस्ट द्वारा की जाती है। इस बार नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, तहसीलदार संजय बरैया, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार सहित ट्रस्ट के सदस्यों की उपस्थिति में दान पेटियां खोली गई जिसमें कुल 7 लाख 32 हजार रूपए की राशि निकली। ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि इसके अलावा सोने चांदी के आभूषण भी मां ताप्ती को श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाते हैं जिन्हे नगद राशि सहित बैंक के लाकर में रखा जाता है। उन्होने बताया कि व्यापक प्रसार प्रचार से पवित्र नगरी में लगातार बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है वहीं ट्रस्ट द्वारा भी लगातार मंदिर की प्रसिद्धी के लिए कार्य किए जा रहे हैं।

Leave a Comment