जिला पंचायत सदस्य के बच्चे सहित एक दर्जन बच्चों को कुत्ते ने काटा, नगरवासी परेशान
BETUL NEWS/मुलताई। नगर में दिनों दिन आवारा कुत्तों द्वारा बच्चों को काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही है जिससे पूरा नगर परेशान है।
विगत दो दिनों में कुत्तों ने काटने से लगभग एक दर्जन बच्चे प्रभावित हुए हैं इसके बावजूद नगर पालिका के पास आवारा कुत्तों पर अंकुश लगाने की कोई ठोस योजना नही होने से समस्या विकराल होती जा रही है। पटेल वार्ड में जिला पंचायत सदस्य कंचन महेन्द्र कास्लेकर के बच्चे को कुत्ते ने काट लिया वहीं अन्य बच्चे भी डाग बाईट्स का शिकार हुए। कुत्तों द्वारा बच्चों को लगातार काटने की घटनाओं से नगर में हड़कंप व्याप्त है वहीं नगरवासियों द्वारा कुत्तों पर अंकुश लगाने की मांग की जा रही है। पूरे मामले में समस्या को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू द्वारा एसडीएम राजीव कहार से चर्चा कर समस्या के समाधान की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर में शनिवार एवं रविवार बड़ी संख्या में कुत्तों ने बच्चों को काटा जिससे नगर में भय व्याप्त हो गया तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई। बताया जा रहा है कि पूरे नगर में गली मोहल्लों में आवारा कुत्तों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि होने से लोगों का सड़कों एवं गलियों से निकलना मुश्किल हो गया है। रात में स्थिति और अधिक खतरनाक हो रही है जिससे आवागमन करने वाले लोगों में दहशत व्याप्त है।
कुत्तों को नगर से शिफ्ट करने की मांग
नगर में बढ़ती कुत्तों की संख्या के दृष्टिगत नागरिकों द्वारा नगर से कुत्तों को बाहर शिफ्ट करने की मांग की जा रही है। बताया जा रहा है कि वर्षों पूर्व नगर से कुत्तों को बाहर शिफ्ट किया गया था लेकिन लंबे समय से नगर पालिका द्वारा कुत्तों को शिफ्ट नही करने से लगातार कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है जिससे स्थिति यह है कि हर गली मोहल्ले चौक चौराहों पर कुत्तों के झुंड के झुंड नजर आ रहे हैं जो बच्चों एवं बुजुगों के पीछे लपक रहे हैं। ऐसी स्थिति में कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है। लंबे समय से नागरिकों द्वारा नगर पालिका से कुत्तों पर अंकुश लगाने की मांग करने के बावजूद नगर पालिका समस्या को लेकर उदासीन बनी हुई है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है।

Read Also:वलनी पट्टन में मिला लापता युवती का क्षत विक्षत शव, चैनपुर में मिला सेना की वर्दी में सिर कुचला शव
कुत्तों की नसबंदी आवश्यक
समस्या को लेकर भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू तथा महामंत्री निलेश चावरिया ने एसडीएम राजीव कहार से चर्चा कर कुत्तों की नसबंदी की मांग की है। उन्होने कहा कि कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए नसबंदी कराना आवश्यक है। उन्होने कहा कि पूर्व में नगर पालिका द्वारा नसबंदी कराई गई थी लेकिन वर्तमान में फिर से नगर में कुत्तों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हो चुकी है इसलिए नगर पालिका के माध्यम से कुत्तों की संख्या पर अंकुश लगाने के लिए नसबंदी आवश्यक हो चुकी है। पूरे मामले में एसडीएम राजीव कहार ने समस्या की गंभीरता समझते हुए नगर पालिका के माध्यम से समाधान निकालने की बात कही गई है।
नपा के पास नही है कोई ठोस योजना
कुत्तों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने के लिए लंबे समय से नागरिकों के द्वारा मांग की जा रही है लेकिन अभी तक नगर पालिका के पास समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस योजना नही है। बताया जा रहा है कि कुत्तों को शिफ्ट करने से लेकर नसबंदी तक के मामले में नगर पालिका को अभी तक अपेक्षित सफलता नही मिली है। जब तक कुत्तों पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका द्वारा कोई ठोस योजना नही बनाई जाती तब तक समस्या का समाधान नही हो सकता। स्थिति यह है कि कुत्तों की बढ़ती संख्या और काटने की घटनाएं इतनी अधिक हो चुकी है कि ऐसा प्रतित हो रहा है मानो नगर पालिका किसी बड़ी एवं गंभीर घटना का इंतजार कर रही है।

