नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी
BETUL NEWS/मुलताई। नगर पालिका द्वारा टैक्स वसूली में सख्ती के साथ अभद्रता तथा बिना नोटिस के दुकानों में तालाबंदी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा मंगलवार रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन करते हुए एसडीएम राजीव कहार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कांग्रेस द्वारा नपा अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा की जा रही तानाशाही पर कार्रवाई की मांग करते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरूण यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता तहसील कार्यालय पहुंचे तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आम जन को हो रही परेशानी से एसडीएम को अवगत कराया। कांग्रेसियों ने कहा कि नगर पालिका द्वारा किराया एवं टैक्स वसूली में तानाशाही की जा रही है जिसमें बिना नोटिस दिए दुकानदारों की दुकानों पर ताला लगाकर उन्हे आजिविका से वंचित किया जा रहा है वहीं टैक्स वसूली में भी नागरिकों से अभद्रता की जा रही है तथा आमजन को धमकाया जा रहा है जिससे नगरवासियों में भारी रोष व्याप्त है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि वित्तिय वर्ष की समाप्ति तक दुकानदार किराया जमा करते हैं लेकिन 31 मार्च के पूर्व फरवरी में ही दुकानों को सील किया जा रहा है।

बिना नोटिस दुकानें सील करने से उपजा रोष
कांग्रेस द्वारा आरोप लगाते हुए कहा गया है कि नगर पालिका अधिकारी अवैध रूप से विगत दिनों कुछ दुकानदारों को बिना नोटिस के दबंगता पूर्वक दुकानें सील कर दी गई जो कि मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम की धारा 164 एवं 166 का उल्लंघन है। नगर पालिका अधिनियम में यह प्रावधान है कि किसी दुकानदार से बकाया वसूली करने के पूर्व उसे नगर पालिका अधिनियम की धारा 164 के अंतर्गत बिल प्रदान किया जाना आवश्यक है। उक्त राशि जमा करने के लिए 15 दिनों का समय दिया जाना चाहिए। इसी प्रकार मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम की धारा 166 के अनुसार यदि धारा 164 में प्रदान की गई उक्त समयावधि में भुगतान नहीं किया जाता है तो नगर पालिका दुकानदारों को एक मांग सूचना पत्र दिया जाना आवश्यक है। इसके विपरित नगर पालिका द्वारा नियम कानून का उल्लंघन करते हुए मनमाने तरीके से वसूली करते हुए नहीं करने पर दुकानें सील की जा रही है। ऐसी स्थिति में व्यापारी अपनी आजिविका से वंचित हो रहे हैं।
नपा मूलभूत सुविधाएं नही कर रही प्रदान
ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा है कि नगर पालिका द्वारा नगर में मूलभूत सुविधाएं प्रदान नही करने के बावजूद सख्ती से वसूली की जा रही है। बसस्टेंड स्थित दुकानों का वर्षों से रख रखाव नही हो रहा है जिससे बड़ी संख्या में दुकानें क्षतिग्रस्त हो चुकी है वहीं जहां दुकानें संचालित है वहां भी दुकानदार स्वयं मरम्मत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुकानों के प्लास्टर झड़ रहे हैं जिसकी शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका द्वारा मरम्मत नही की जा रही है जिससे व्यापारी परेशान हैं इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा सख्ती से वसूली कर दुकानदारों को प्रताड़ित किया जा रहा है।
Read Also: 50 से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की
संपत्ति टैक्स तिगुना, अधिकारी नही कर रहे बात
कांग्रेस के द्वारा आरोप लगाया गया कि नगर पालिका द्वारा बिना कोई सुविधा मुहैया कराए मकान टैक्स तिगुना कर दिया म्या है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। नगर में प्रतिदिन सफाई नहीं की जा रही है जिससे गंदगी की भरमार है। मच्छरों से लोग परेशान हो रहे हैं। मार्गों पर झाडू नही लग रही है जिससे लगातार गंदगी बढ़ रही है। इधर शिकायत करने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी लोगों की समस्या नही सुन रहे हैं। जब लोग समस्याओं को लेकर नपा कार्यालय जा रहे हैं तो वे मिलने से मना कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में लोग कहां और किसने अपनी समस्या बताएं इसे लेकर असमंजस की स्थिति बन रही है।

