महावीर वार्ड में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू, वार्डवासियों को मिलेगी राहत

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

BETUL NEWS/मुलताई। नगर के महावीर वार्ड में पेयजल समस्या के समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य बुधवार से प्रारंभ कर दिया गया है। नगर पालिका द्वारा पुरानी और जर्जर पाइपलाइन को हटाकर नई लाइन डाली जा रही है। लगभग तीन लाख रुपये की लागत से यह कार्य तीन वार्डों में किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का उद्देश्य है। वार्डवासियों के अनुसार, क्षेत्र की पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी थी, जिसके कारण कई घरों में नलों से गंदा और दूषित पानी आ रहा था। इस संबंध में स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार शिकायतें भी दर्ज कराई गई थीं। गंदे पानी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा था, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई थी। समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने पाइपलाइन के विस्तार और बदलाव के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद तकनीकी टीम द्वारा स्थल निरीक्षण कर योजना तैयार की गई, जिसके तहत अब पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया है। कार्य प्रारंभ होने से वार्डवासियों में राहत का माहौल है। हालांकि, स्थानीय नागरिकों ने पाइपलाइन को भूमिगत डालने की मांग की है, जिससे भविष्य में सड़क खुदाई और लीकेज जैसी समस्याओं से बचा जा सके और पेयजल आपूर्ति लंबे समय तक सुचारू रूप से जारी रह सके। पार्षद वंदना नितेश साहू ने बताया कि कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है और जल्द ही क्षेत्र के सभी घरों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

Read Also: जन-जन की आस्था का केन्द्र महाकाली मंदिर के 54वें स्थापना दिवस का आयोजन

Leave a Comment