तिवरखेड़ तथा दातोरा में गन्ना, गेंहू की फसल जलने से किसान प्रभावित
Betul News/मुलताई। मार्च के अंत में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है जिसमें खेतों के उपर से गई विद्युत लाईन में शार्ट सर्किट होने से किसानों की फसलें आग से स्वाहा हो रही है। मार्च माह में लगातार शार्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं होने से बड़ी संख्या में किसान आर्थिक रूप से प्रभावित हो चुके हैं। शुक्रवार शनिवार के दरमियान प्रभात पट्टन के तिवरखेड़ तथा मुलताई क्षेत्र के दातोरा में दो स्थानों पर आग लगने से कहीं खड़ी तो कहीं कट कर रखी फसल खाक हो गई। तीनों स्थानों पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू किया अन्यथा अन्य खेत भी आग लगने से प्रभावित हो सकते थे। फायर ब्रिगेड कर्मचारी भूपेन्द्र सिंह राठौर तथा विजय वडघरे ने बताया कि प्रभात पट्टन के अंतर्गत तिवर खेड़ ग्राम में शार्ट सर्किट से दरमियानी रात्री किसान राजेश अदवारे की लगभग ढाई एकड़ काट कर रखी गेंहू की फसल खाक हो गई। आग बुझाने में लगभग दो टैंक पानी लगा जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। इधर मुलताई क्षेत्र के दातोरा में किसान भीमराव धोटे के चार एकड़ में फैली गन्ना बाड़ी तथा कैलाश काले के 2 एकड़ में लगी गन्ना बाड़ी की फसल आग लगने से खाक हो गई। फायर ब्रिगेड के सुमीत पुरी, धनराज पंवार, गिरीश पिपले ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तथा भारी मशक्कत के बाद दोनों खेतों में लगी आग पर काबू किया गया। सुमीत पुरी ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेजी से बढ़ रही थी कि यदि समय रहते काबू नही किया जाता तो आसपास के सभी खेतों की फसलें आग से स्वाहा हो सकती थी।
Betul Samachar: मुलताई में दो दिवसीय पुस्तक एवं गणवेश मेले का आयोजन

