कोर्ट का आदेश लेकर पहुंची नपा कार्यालय, सीएमओ को सौंपी प्रति
Betul News/मुलताई। हाई कोर्ट द्वारा नीतू परमार यथावत पद पर बने रहने के आदेश के बाद मंगलवार नीतू परमार पार्षदों के साथ नगर पालिका कार्यालय पहुंची तथा सीएमओ को आदेश की प्रति सौंपी। इस दौरान उनके साथ नपा उपाध्यक्ष शिव माहौरे, कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुमित शिवहरे, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण यादव,किशोर सिंह परिहार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। नीतू परमार द्वारा कोर्ट के फैसले की प्रति सौंपने के बाद सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि वे इस संबंध में शीघ्र उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेंगे। नीतू परमार ने कहा कि उन्होंने पद भार लेने के लिए औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। कांग्रेस पार्षद अंजलि शिवहरे, निर्मला उबनारे,वंदना साहू आदि ने बताया कि जनता के फैसले पर एक बार फिर कोर्ट की मुहर लग गई है यह सत्य की जीत है। नीतू परमार ने कहा कि नगर में चल रहे कार्यों को और गति दी जाएगी।
साढ़े तीन वर्ष में पांच बार हुआ फेरबदल
मुलताई नगर पालिका चुनाव वर्ष 2022 में संपन्न हुआ जिसमें कांग्रेस से नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार निर्वाचित हुई। इसके बाद उनकी प्रतिद्वंदी रही वर्षा गढ़ेकर ने चुनावी प्रक्रिया को चुनौती देते हुए एडीजे कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जिसमें जून 2023 को चुनाव शून्य घोषित कर दिया इसके साथ ही आगामी आदेश तक वर्षा गढ़ेकर को नपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस फैसले के खिलाफ नीतू परमार ने हाईकोर्ट की शरण ली जिस पर उन्हे स्टे मिल गया जिससे 15 जुलाई को एक बार फिर नीतृ परमार अध्यक्ष पद पर बैठी इसके बाद उनकी प्रतिद्वंदी वर्षा गढ़ेकर द्वारा उन्हे पुनः चुनौती देते हुए सुप्रीम कोट से स्टे पर स्टे ले आया जिससे वर्षा गढ़ेकर 10 जनवरी को पुनः अध्यक्ष बन गई। इस पर नीतू परमार द्वारा हाईकोर्ट के प्रकरण में पुनः 6 अप्रैल को नीतू परमार को पुनः कार्यभार संभलने की अनुमति दी गई जिस पर अब नीतू परमार फिर एक बार अध्यक्ष पद संभालेंगी।
Read Also: ओलावृष्टि बारिश से खराब हुई फसल मुआवजे को लेकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौपा ज्ञापन
तीसरी बार संभालेंगी नगरपालिका अध्यक्ष का पद
नीतू परमार एक ही कार्यकाल में तीसरी बार नगर पालिका अध्यक्ष का पद संभालेंगी। इसके पूर्व नगर पालिका में शायद ही ऐसा हुआ हो क्योंकि निर्वाचित होने के बार कानूनी दांव पेंच के चलते नीतू परमार पहले दो बार नपाध्यक्ष का पद संभाल चुकी है जिसके बाद हाईकोर्ट द्वारा उन्हें तीसरी बार यथावत कार्यभार संभालने की अनुमति दी गई है। कुल मिलाकर ऐसा नगर पालिका मुलताई के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि निर्वाचित अध्यक्ष को दो बार पद से हटना पड़ा लेकिन पुनः वे तीसरी बार फिर उसी पद पर आसीन हुई हैं। इस तरह पहले नीतू परमार 10 अगस्त 2022 इसके बाद 15 जुलाई 2023 तथा 6 मार्च को कोर्ट के आदेश के बाद नगर पालिका अध्यक्ष के पद पर आसीन होंगी।

