अतिक्रमण हटाने वाले अधिकारियों का कार्यालय अतिक्रमण की चपेट में, नही हो रही कार्रवाई
Betul News/मुलताई। नगर के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने वाले राजस्व अधिकारियों का तहसील कार्यालय लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में है लेकिन अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से बेतहाशा अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है जिससे दीये तले अंधेरा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील कार्यालय के पूर्व अधिकारियों द्वारा तहसील कार्यालय के सामने अतिक्रमण ना हो इसके लिए मुख्य मार्ग से सटकर फेंसिंग लगाई गई थी जिसमें पौधारोपण किया गया था जिसका उद्देश्य था कि फैंसिंग के कारण अतिक्रमण नही हो साथ ही रोपे गए पौधे भी सुरक्षित रह सके। लेकिन समय के साथ साथ अधिकारियों का तबादला होता रहा जिसमें बाद में पदस्थ होने वाले अधिकारियों द्वारा पर्यावरण एवं अतिक्रमण में रूचि नही लेने से एक तरफ जहां अतिक्रमणकारियों ने धीरे धीरे फैंसिंग के तार तोड़कर अतिक्रमण करना चालू कर दिया वहीं अतिक्रमण के कारण बड़ी संख्या में लगाए गए पौधे धीरे धीरे समाप्त कर दिए गए। वर्तमान में स्थिति यह है कि फैंसिंग के पोल तो खड़े हुए हैं लेकिन तार एवं पौधे गायब हैं तथा अतिक्रमण पसरा पड़ा है। उक्त स्थल पर फर्नीचर की दुकानें लग रही है साथ ही प्लास्टिक मटेरियल भी बेचा जा रहा है इसके अलावा वाहनों से भी रोड के पास लंबा अतिक्रमण किया जा रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि जब नगर में कहीं अतिक्रमण हटाने की कवायद होती है तो पूरा अमला अतिक्रमण हटाने पहुंच जाता है लेकिन जहां कार्यालय के सामने वर्षों से अतिक्रमण फैल रहा है वहां अतिक्रमण हटाने में अधिकारिखों द्वारा कोई रूचि क्यों नही ली जा रही है यह सवाल पर्यावरण संरक्षकों द्वारा किया जा रहा है।

तहसील बागीचा भी उजड़ गया
किसी समय तहसील परिसर के अंदर अधिकारियों द्वारा हरा भरा बागीचा विकसित किया गया था जिसमें तरह तरह के पेड़ पौधे लगाए गए थे जिससे तहसील कार्यालय परिसर का माहौल भी पर्यावरण के अनुकुल हो गया था। बाहर से आने वाले लोगों को बागीचे से राहत मिलती थी वहीं आवारा मवेशी बागीचे में पौध नष्ट नही करें इसके लिए लोहे का गेट भी लगाया गया था। लेकिन समय के साथ बागीचे की अधिकारियों के द्वारा उपेक्षा से पेड़ पौधे नष्ट होते गए और वर्तमान में स्थिति यह है कि लोहे का गेट सहित तहसील बगीचे का बोर्ड तो लगा है लेकिन अंदर सूखी घांस के अलावा कुछ नजर नही आ रहा है। पूर्व में पर्यावरण प्रेमियों के द्वारा अधिकारियों से बागीचे के रख रखाव की मांग की गई थी इसके बावजूद अधिकारियों द्वारा पर्यावरण में रूचि नही लेने से बागीचा खत्म होने की कगार पर पहुंच गया है।
सख्ती से हटाया जाना चाहिए अतिक्रमण
मुख्य मार्ग संकरा होने के बावजूद तहसील कार्यालय एवं मार्ग के बीच जमकर अतिक्रमण पसरा हुआ है जिससे पौधे भी नष्ट हो गए हैं। अधिकारियों द्वारा उक्त अतिक्रमण सख्ती से हटाया जाना चाहिए तथा आगे अतिक्रमण नहीं हो इसके लिए फिर से फैंसिंग लगाना आवश्यक है अन्यथा अतिक्रमण हटाने के थोड़े दिन बाद फिर से अतिक्रमण काबिज हो सकता है। बताया जा रहा है कि बाहर से आने वाले व्यापारियों के लिए तहसील परिसर एवं मुख्य मार्ग के बीच में बड़ी एवं लंबी दुकानें लगाना आम हो चुका है जहां सामान खरीदने आने जाने वाले लोग लंबे समय तक खड़े रहते हैं ऐसी स्थिति में भारी वाहनों के गुजरने से हादसा भी हो सकता है। पूरे मामले में प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाकर फिर से पौधारोपण करना आवश्यक है।

इनका कहना है-
तहसील कार्यालय परिसर के सामने अतिक्रमण कर के लगाई गई अस्थाई दुकानें तथा वाहनों को हटाने के लिए तत्काल नगर पालिका एवं थाना प्रभारी से चर्चा कर रहे हैं। आपके द्वारा समस्या से अवगत कराया गया है इसलिए गुरूवार ही अतिक्रमण हटाकर फिर से फैंसिंग लगाने का प्रबंध किया जाएगा।
राजीव कहार एमडीएम मुलताई।

