अतिक्रमणकारियों को दी चेतावनी, वाहनों के मार्ग के पास खड़े रहने पर प्रतिबंध
BETUL NEWS/मुलताई। तहसील कार्यालय के सामने पौधों की फेंसिंग तोड़कर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ खबर के प्रकाशन के बाद गुरुवार सुबह प्रशासन द्वारा दल बल सहित सख्ती से अतिक्रमण हटाया। इस दौरान एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार संजय पटैया, नपा उपयंत्री महेश त्रिवेदी सहित राजस्व, पुलिस एवं नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने के साथ ही भविष्य में रोड के बाजू में दुकान नही लगाने की चेतावनी व्यापारियों को दी साथ ही वाहनों के खड़े रहने पर भी प्रतिबंध लगाया। इस दौरान अतिक्रमण हटाकर बुलडोजर से उक्त स्थल की साफ सफाई कर फिर से फेंसिंग लगाने का कार्य किया गया। एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि फिस से फैंसिंग लगाई जा रही है जिसके साथ ही पौधारोपण भी किया जाएगा। उन्होने कहा कि भविष्य में अतिक्रमण ना हो इसके लिए व्यापारियों तथा वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है अन्यथा प्रशासन द्वारा फिर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इधर अतिक्रमण अमले को देखकर कुछ व्यापारियों द्वारा दुकान हटाना चालू कर दिया गया था वहीं वाहन चालकों ने भी वाहनों को हटाया गया। अतिक्रमण हटने से जहां मार्ग चौड़ा नजर आया वहीं क्षतिग्रस्त फेंसिंग के फिर से लगने से पेड़ पौधे भी अब सुरक्षित रह सकेंगे।
एसडीओपी ने कहा होगी कड़ी कार्रवाई
तहसील कार्यालय से सटा हुआ एसडीओपी कार्यालय भी है जिसके पास भी वाहनों का अतिक्रमण फैला हुआ है। खबर के प्रकाशन के बाद एसडीओपी एसके सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा उन्होने वाहन चालकों से भविष्य में एसडीओपी कार्यालय के पास वाहन खड़े करने का मना किया। एसडीओपी एसके सिंह ने बताया कि पहले जहां इक्का दुक्का ही वाहन खड़े होते थे लेकिन बाद में अब ट्रक कंटेनर भी खड़े रहने लगे जिससे मार्ग पर दुर्घटना हो सकती है। उन्होने कहा कि संकरे मार्ग के दोनों ओर वाहन खड़े होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है इसलिए वाहनों चालकों को पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी।

BETUL NEWS: प्रशासन ने ताप्ती प्रवाह क्षेत्र का सीमांकन कर टीन हटाए
एसडीएम बोले बागीचे की भी की जाएगी साफ सफाई
इधर तहसील कार्यालय परिसर में स्थित हरा भरा बागीचा रख रखाव के अभाव में उजाड़ हो चुका है। इस संबन्ध में एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि बागीचे का गेट खोलकर साफ सफाई कराई जाएगी तथा बागीचे का विधिवत रख रखाव किया जाएगा। उन्होने बताया कि इसके लिए गुरूवार से ही सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि तहसील परिसर में स्थित बागीचा कभी हरा भरा हुआ करता था जिससे परिसर में रौनक बनी हुई थी लेकिन रख रखाव के अभाव में बागीचा उजड़ गया जिसके बाद बागीचे के गेट पर ताला लगा दिया गया। ऐसी स्थिति में बागीचा पूरी तरह नष्ट हो चुका था लेकिन अब अधिकारियों द्वारा दिए जा रहे आश्वासन से बागीचा फिर से हरा भरा होने की उम्मीद है।

