Betul News Today: तीन विकासखंड के मरीजों का उपचार करने वाला मुलताई अस्पताल खुद हुआ बीमार

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                              मुलताई सहित ब्लाक में चिकित्सकों के 15 पद रिक्त, अस्पताल में सिर्फ बीएमओ दे रहे ड्यूटी

Betul News Today/मुलताई। तीन विकासखंडों के मरीजों का उपचार करने वाला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुलताई इन दिनों खुद बीमार चल रहा है। चिकित्सकों के नही रहने से अस्पताल के हाल बेहाल हैं जिससे मरीजों को उपचार नही मिल पा रहा है। मुलताई सहित दुनावा, बरखेड़ एवं खेड़ीकोर्ट में कुल 15 चिकित्सकों के पद रिक्त होने से स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं। मुलताई अस्पताल की हालत तो वेंटीलेटर पर रखे गए मरीज के जैसी हो गई है जहां सिर्फ बीएमओ पंचम सिंह ही उपचार सहित अन्य कार्य कर रहे हैं। स्थिति यह है कि बीएमओ के अवकाश पर चले जाने पर अस्पताल की स्थिति लावारिस की तरह हो गई थी जहां सीएचएमओ को आकर बीएमओ का अवकाश निरस्त कर उन्हे तत्काल बुलाना पड़ा। इसके अलावा अस्पताल में पदस्थ लगभग सभी चिकित्सक चले गए जिनके स्थान पर नये चिकित्सक नही आने से मुलताई अस्पताल अब सिर्फ नाम का ही अस्पताल रह गया है।

हालात यह हैं कि फोरलेन पर होने वाली लगातार दुर्घटनाओं में गंभीर घायलों का प्राथमिक उपचार भी सहीं ढंग से नही हो पा रहा है जिससे अस्पताल सिर्फ रेफर केन्द्र बनकर रह गया है। बीएमओ पंचम सिंह ने बताया कि लंबे समय से वे ही अस्पताल की उपचार सहित सारी व्यवस्थाएं देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि अकेला होने से आवश्यक कार्य होने के बावजूद वे कहीं नहीं जा पाते जिससे अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होने बताया कि वे पूर्व में भी कई बार उच्चाधिकारियों को अस्पताल में चिकित्सकों की कमी से अवगत करा चुके हैं इसके बावजूद चिकित्सक पदस्थ नही किए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में उनके लिए मुलताई अस्पताल में सेवाएं देना दिन पर दिन भारी हो रहा है।

15 पद रिक्त, चिकित्सकों की भारी कमी

शासन द्वारा सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के दावे उस समय खोखले नजर आते हैं जब चिकित्सालयों में पद होने के बावजूद चिकित्सक नजर नही आते जिससे ग्रामीण एवं नगरीय मरीजों एवं घायलों को महानगरों पर निर्भर होना पड़ता है मुलताई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सामान्य चिकित्सक के 2 पद, शिशु रोग विशेषज्ञ का 1 पद, अस्थि रोग विशेषज्ञ का 1 पद, स्त्री रोग विशेषज्ञ का 1 पद एनेस्थिसिया का 1 पद सहित सामान्य चिकित्सक के चार पद रिक्त पड़े हुए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरखेड़ में सामान्य चिकित्सक का 1 पद, दुनावा में सामान्य चिकित्सक संविदा का 1 पद, सामान्य चिकित्सक का 1 पद तथा खेड़ी कोर्ट में सामान्य चिकित्सक संविदा 1 तथा सामान्य चिकित्सक का 1 पद रिक्त पड़ा हुआ है। इस तरह मुलताई विकासखंड में चिकित्सकों के 15 पद रिक्त होने से व्यवस्थाओं पर क्या असर पड़ रहा होगा इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

फोरलेन पर प्रतिदिन होती है दुर्घटनाएं, किया जाता है रेफर

मुलताई नगर फोरलेन पर स्थित होने के कारण आसपास से लगातार दुर्घटनाएं होती रहती है जिससे गंभीर घायलों को मुलताई अस्पताल लाया जाता है। लेकिन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार भी व्यवस्थित रूप से नहीं मिल पाता जिससे कई बार मुलताई अस्पताल लाने में लगने वाले समय के कारण कई गंभीर घायलों की मौत हो जाती है। बताया जाता है कि घायलों के घावों पर टांके लगाने के लिए कभी धागा नही रहता तो कई बार फ्रैक्कर होने पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्थाएं नही होती जिससे वाथलों के साथ आए परिजन कई बार अस्पताल में हंगामा कर चुके हैं एवं बड़े विवादों की भी स्थिति निर्मित हुई है।

Betul Ki Khabar: साहू समाज मुलताई द्वारा पुलिस प्रशासन का किया सम्मान

मंत्री, सांसद एवं विधायकों के आश्वासन के बावजूद सुविधाएं नहीं

मुलताई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कई बार निरीक्षण करने मंत्री, सांसद तथा विधायक पहुंचे जिन्हे अस्पताल की अव्यवस्थाओं तथा समस्याओं से अवगत भी कराया गया लेकिन उनके द्वारा सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। आश्वासन के बावजूद व्यवस्थाओं में कोई सुधार नही आया जबकि स्थिति और भी बद से बदतर होती गई। विगत दिनों केन्द्रीय राज्य मंत्री तथा सांसद डीडी उईके अस्पताल पहुंचे थे जिन्हे चिकित्सकों की समस्या से अवगत कराया गया था लेकिन आश्वासन के बावजूद चिकित्सकों के रिक्त पद नही भरे गए उल्टे जो चिकित्सक उस समय मौजूद थे वे भी यहां से चले गए। पूरे मामले में विधायक देशमुख को भी समस्याओं से कई बार अवगत कराया जा चुका है इसके बावजूद समस्याएं यथावत है जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

Leave a Comment