विशेषज्ञों ने समझाई शोध की बारीकियां
BETUL NEWS TODAY/भैंसदेही (मनीष राठौर):- वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री गंजन सिंह कोरकू शासकीय महाविद्यालय भैंसदेही में रिसर्च मेथोडॉलॉजी पर आधारित छः दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रम संपन्न हुआ। महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ तथा रिसर्च सेल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह कार्यक्रम पीएम उषा ( प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान) द्वारा प्रायोजित था। प्राचार्य डॉ जितेंद्र कुमार दवंडे ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने शोध प्रविधि के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया।
कार्यक्रम के अंतिम तीन दिनों में शिक्षा विभाग देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष डॉ डी एन सनसनवाल ने शोध के मूलभूत सिद्धांतों से लेकर इसके विभिन्न चरणों तथा लेखन की बारीकियों से प्रतिभागियों को परिचित करवाया। उन्होंने शोध के दौरान जानकारी के संकलन और उसके विश्लेषण से संबंधित महत्वपूर्ण बातें भी साझा की। इससे पूर्व प्रथम एवं द्वितीय दिवस पर एस के पोरवाल कॉलेज कामटी नागपुर से डॉ सिद्धार्थ मेश्राम एवं डॉ तुषार चौधरी ने रिसर्च एथिक्स, रिसर्च डिज़ाइन, शोध संबंधी साहित्य की समीक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की।
नागपुर विश्वविद्यालय से डॉ धीरज कदम ने मात्रात्मक अनुसंधान के विभिन्न आयामों के संबंध में जानकारी दी। तृतीय दिवस पर महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ बड़ौदा विश्वविद्यालय से डॉ अंशु सुर्वे ने शोध प्रस्ताव लेखन पर वक्तव्य देकर प्रतिभागियों को लाभान्वित किया। शासकीय कन्या महाविद्यालय बैतूल से डॉ आशीष गुप्ता ने शोध प्रस्ताव लेखन के संबंध में जानकारी प्रदान की।
प्राचार्य डॉ दवंडे ने कहा कि इस कार्यक्रम से महाविद्यालय के प्राध्यापकगण निश्चित रूप से लाभान्वित होकर शोध की दिशा में अग्रसर होंगे।

