रायआमला में ढाबे तथा मुलताई स्थित मकान से पकड़ाया 50 पेटी अवैध शराब का जखीरा

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                        आबकारी अमले ने दो स्थानों पर दबिश देकर लगभग ढाई लाख की शराब की जब्त, कार्रवाही

Betul News Today/मुलताई। आबकारी अमले ने रायआमला मार्ग पर स्थित ढाबा तथा मुलताई स्थित एक मकान में लगभग 50 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है। दोनों ही स्थानों पर अवैध रूप से शराब का स्टाक रखकर बिक्री करने के आरोप में राघवदास उर्फ बबलु पिता चंद्रकुमार यादव 29 वर्ष पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। आबकारी उप निरीक्षक राजेश वट्टी ने बताया कि ग्राम रायआमला में स्थित ढाबे से 43 पेटी देसी शराब तथा मुलताई के सुभाष वार्ड स्थित मकान से 7 पेटी देसी शराब जब्त की गई है। कुल 450 लीटर शराब का मूल्य लगभग 2.50 लाख रूपए बताया जा रहा है। पूरे मामले में आबकारी अमले द्वारा आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34 (1) क और 34 (2) के तहत कार्यवाही की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर से मासोद रोड पर स्थित ग्राम रायआमला ढाबे से अवैध शराब बिक्री की सूचना आबकारी अमले को मिली जिस पर प्रभारी आबकारी जुथिका वर्मा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी लीलासिंह मुकाती तथा आबकारी उप निरीक्षक राजेश वट्टी सहित आबकारी टीम द्वारा पहले रायआमला स्थित ढाबे पर कार्यवाही करते हुए कुल 43 पेटी देसी शराब जब्त की गई। इसके बाद टीम मुलताई स्थित सुभाष वार्ड पहुंची जहां बबलु के निवास से 7 पेटी देसी शराब की जब्त की गई। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से बबलु द्वारा अवैध रूप से शराब का स्टाक रखकर ढाबे से शराब की बिक्री की जा रही थी वहीं मुलताई स्थित निवास पर भी अवैध रूप से शराब का स्टाक किया गया था।

Read Also:- अहिरावण ने राम लक्ष्मण को पाताल लोक ले जाकर की महाकाली चंडी की पूजा

Leave a Comment