पुलिस प्रशासन ने किया मेले में सतर्कता एवं शांति सौहार्द का आव्हान

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                              कार्तिक पूर्णिमा एवं ताप्ती मेले को लेकर हुआ थाना परिसर में बैठक का आयोजन

Betul News Today/मुलताई। नगर में बुधवार कार्तिक पूर्णिमा तथा आगामी एक माह के ताप्ती मेले के लिए थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीओपी एसके सिंह, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार, तहसीदार संजय बरैया, नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू सहित पार्षद एवं जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। नगर में विगत दिनों हुई घटनाओं को गंभीर मानते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नागरिकों से सतर्कता, शांति एवं सौहाद्र सहित जागरूकता का आव्हान किया गया है ताकि वर्षों से नगर की परंपरा के अनुसार ताप्ती मेला गरिमामय तरीके से लगाया जा सके। थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि नागरिक स्वयं जागरूक होकर व्यवस्थाओं पर ध्यान दें तथा अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होने कहा कि पुलिस प्रशासन तो मुस्तैद रहेगा इसके साथ ही नगर के जागरूक नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें तो पवित्र नगरी में एक अच्छे माहौल में कार्तिक पूर्णिमा के साथ ही मेला भी लग सकेगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने भी कार्तिक पूर्णिमा पर नगर के धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से ताप्ती तट पर व्यवस्थाएं बनाने का निवेदन किया। गया। नपाध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने कहा कि मेला हमारी वर्षों पुरानी परंपरा है वहीं कार्तिक पूर्णिमा पर अन्य जिलों एवं प्रदेशों से श्रद्धालु ताप्ती स्नान करने पहुंचते हैं ऐसी स्थिति में नगर में व्यवस्थाओं को लेकर आम नागरिकों को भी जागरूक होना आवश्यक है।

मुख्य मार्ग पर वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

कार्तिक पूर्णिमा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा बसस्टेंड से लेकर बेरियर नाके तक भारी वाहन, चार पहिया वाहनों सहित दो पहिया वाहनों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नही हो। थाना प्रभारी परिहार ने बताया कि ताप्ती तट से थोड़ी दूरी पर जगह जगह पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है जिससे लोग वाहनों को दूर खड़े करके ताप्ती तट पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि मेले में जगह जगह पुलिस की व्यवस्था रहेगी साथ ही ताप्ती तट पर विशेष रूप से महिला पुसिककर्मियों की ड्यूटी रहेगी ताकि व्यवस्था बनी रह सके। उन्होंने नगर के विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है जिससे भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद व्यवस्था बनी रह सके।

चैन स्नेचिंग तथा पाकेटमारों से रहे सावधान

थाना प्रभारी ने मेले में पहुंचने वाले लोगों को चैन स्नेचिंग करने वालों तथा पाकेटमारों से सावधान रहने का कहा गया है। उन्होने कहा कि महिलाएं यह ध्यान रखें कि वे सोने चांदी अथवा बहुमूल्य जेवर पहनकर स्नान करने नही जाए। उन्होने कहा कि भीड़ का फायदा उठाकर अक्सर असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं इसलिए हमें स्वयं सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होने कहा कि तासी तट पर चप्पे चप्पे पर पुलिस रहेगी साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी जगह जगह लगे रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Betul Samachar: चूड़ियां में साधु बाबा समाधि स्थल पर आज लगेगा मेला

मेले में असामाजिक तत्वों की कसी जाएगी लगाम

अधिकारियों ने कहा कि ताप्ती मेले में झूलों के पास पुलिस चौकी बनाई जाएगी तथा झूलों के पास असामाजिक तत्वों पर नजर रखकर लगाम कसी जाएगी। उन्होने कहा कि झूलों को रात 10 से 10.30 के बीच बंद किया जाएगा। इसके साथ ही मेले में नशीले पदार्थ आदि बेचने वालों पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। उन्होने कहा कि मेलावधि के दौरान बाहर से पुलिस बल बुलाया जा रहा है ताकि असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की अशांति ना फैल सके। इसके साथ ही पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा युवा वर्ग से सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी नहीं डालने की भी अपील की गई है अन्यथा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

बैठक के बाद ताप्ती तट का किया निरीक्षण

एसडीओपी एसके सिंह, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार, तहसीलदार संजय बरैया सहित जनप्रतिनिधियों के द्वारा शांति समिति की बैठक के उपरांत कार्तिक पूर्णिमा कि लिए ताप्ती तट का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी। इस दौरान थाना प्रभारी परिहार ने पीडब्ल्यूडी विभाग से जगह जगह पर बेरिकेट्स लगाने, बेसहारा मवेशियों को ताप्ती तट से हटाने, मार्ग से अतिक्रमण हटाने सहित मंदिरों के सामने सफाई रखने का कहा गया। एसडीओपी एसके सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु ताप्ती तट पहुंचकर स्नान ध्यान करेंगे इसलिए व्यवस्थाएं माकूल होना आवश्यक है।

Leave a Comment