Betul News Today- किसानों ने घाना जोड़ पर किया चक्काजाम, 3 घंटे प्रभावित रहा आवागमन

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                   मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के अधिकारी, समझाइश के बाद समाप्त हुआ धरना

Betul News Today/मुलताई। पारसडोह डैम से नहर के सुचारू पानी आपूर्ति की मांग को लेकर कई गांवों के किसानों ने विरोध स्वरूप मुलताई से आठनेर मार्ग घाना जोड पर धरना, प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया जिससे लगभग 3 घंटे आवागमन प्रभावित रहा। स्थिति की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।इस दौरान पचधार , बिसनूर, काजली, गौना, सहनगांव, गरवहा, नंदकुडी, शिरडी गांवों के किसानों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के चलते मार्ग पर जाम लगा रहा जिससे आवागमन लगभग 3 घंटे तक बाधित रहा और वाहन चालक परेशान होते रहे। धरना प्रदर्शन में शामिल किसान मंचित लोखंडे, सुंदरलाल बनखेडे, साहेबराव वागद्रे, मुकेश डढोरे, संजय वागद्रे, सूरज झपाटे आदि किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से नहर में पानी की आपूर्ति कहीं अनियमित है तो कहीं नहर क्षतिग्रस्त होने से खेती प्रभावित हो रही है। किसानों ने बताया कि समय पर सिंचाई न होने से रबी फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है । इस संबंध में किसानों द्वारा 3 दिसंबर को अनुविभागीय अधिकारी राजीव कहार को ज्ञापन दिया था, परंतु प्रशासन की ओर से संतोषजनक प्रतिक्रिया न मिलने के कारण उन्हें शुक्रवार 5 दिसंबर को धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य होना पड़ा है।

Betul Samachar- भाजपा शासन काल में हो रहा है पवित्र नगरी मुलताई का अपमान

धरना प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारे लग गई , यात्री बसों के साथ-साथ अन्य वाहनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्गों का सहारा लिया। ग्रामीण दीपक ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धरना प्रदर्शन स्थल पर तहसीलदार यशवंत सिंह गिन्नारे, जल संसाधन एसडीओ मनोज कुमार चौहान, सब इंजीनियर शिवकुमार नागले , थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे । एसडीओ मनोज कुमार चौहान ने बताया कि नहर के दुरुस्तीकरण के लिए टीम जल्दी आने वाली है, किसानों को सुचारू रूप से पानी प्रदान करने के साथ ही चक नंबर का समूह बनाकर सप्ताह अनुसार अलग अलग रात व दिन पाली में व्यवस्थित पानी दिया जाएगा। वहीं नायब तहसीलदार यशवंत सिंह गिन्नारे ने कहा कि , हर किसान की समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा व किसानों को पानी की कमी नहीं होने देंगे। दो से तीन घंटे तक अधिकारियों की समझाइश एवं आश्वासन के बाद किसानों द्वारा धरना प्रदर्शन समाप्त किया गया।

Leave a Comment