प्रतिबंध के बावजूद गुजरते हैं भारी वाहन, दुर्घटना का हमेशा रहता है अंदेशा
Betul News Today/मुलताई। नगर के मध्य से लगातार बढ़ते ट्रेफिक एवं सकरा मुख्य मार्ग होने से लगातार ट्रेफिक जाम की समस्या धीरे धीरे नासूर बनते जा रही है। स्थिति यह हो गई है कि एक भी वाहन यदि मार्ग पर खड़ा रहता है तो लंबा ट्रेफिक जाम हो जाता है जिससे लोगों को हर थोड़ी देर पर परेशानी का सामना करना पड़ता है। मुख्य मार्ग से कोई रैली, शोभायात्रा आदि गुजरने पर घंटों ट्रेफिक जाम रहता है जिसमें कई बार पुलिस वाहन, एंबूलेंस एवं फायर ब्रिगेड के वाहन भी फंस जाते हैं। विगत दिनों मुख्य मार्ग से एक राजनैतिक रैली निकलने के बाद लगभग एक घंटे तक ट्रेफिक जाम रहा जिससे अतिआवश्यक कार्य वाले लोग परेशान होते नजर आए। इधर बस स्टेंड पर बस पकड़ने पहुंचने वाले लोग भी ट्रैफिक जाम में बेबसी से फंसे रहे वहीं यात्री बसों में यात्रियों को परेशानी हुई। इधर इतना लंबा ट्रैफिक जाम लग गया कि पूरी ट्रेफिक व्यवस्थाएं ध्वस्त होती नजर आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रैली निकलने के बाद ट्रेफिक जाम हुआ जहां व्यवस्थाएं बनाने के लिए पुलिसकर्मी भी नजर नही आए। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों ने उतर उतर कर व्यवस्थाएं बनाई जिससे वाहन रेंग रंग कर निकले और पूरा जाम समाप्त होने में लगभग एक घंटा लगा ऐसी स्थिति में आपातकालीन सुविधाओं वाले वाहन यदि जाम में फंस जाए तो बड़ी घटना हो सकती है।
Read Also: अज्ञात कारणों से युवक ने किया कीटनाशक का सेवन, हालत स्थिर
प्रतिबंध के बावजूद गुजरते हैं बड़े वाहन
नगर में मुख्य मार्ग संकरा होने एवं बार बार ट्रेफिक जाम होने से ट्रक, ट्राले तथा कंटेनर सहित अन्य बड़े वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद पूरे दिन बड़े वाहन मुख्य मार्ग से गुजरते रहते हैं जिससे भी ट्रेफिक जाम की स्थिति बनती है। नियमानुसार सुबह से रात तक बड़े वाहनों की आवाजाही पूर्णतः बंद रहना आवश्यक है ताकि ट्रेफिक मुख्य मार्ग से सुचारू गुजर सके। बताया जा रहा है कि प्रशासनिक बैठक में हमेशा बड़े वाहनों को प्रतिधित करने का मुद्दा उठता है जिसमें पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों द्वारा बड़े वाहनों को प्रतिबंधित करने का आश्वासन तो दिया जाता है लेकिन प्रतिबंधित नहीं किया जाता जिससे यातायात की स्थिति दिन पर दिन खराब होती जा रही है।

