Betul News Today: रख रखाव के अभाव में नपा की दुकानें जर्जर लेकिन किराया तीन गुना

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                     नपा के उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने सख्त वसूली एवं तालाबंदी का जताया विरोध

Betul News Today/मुलताई। नगर पालिका द्वारा कभी बसस्टेंड की दुकानों का रख रखाव नहीं किया गया जिससे दुकानों के प्लास्टर झड़ चुके हैं तथा अधिकांश दुकानें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा सख्ती से वसूली कर दुकानों को सील करते हुए व्यापारियों को अपमानित किया जा रहा है। उक्त आरोप नपा उपाध्यक्ष शिव माहोरे, पार्षद अंजली शिवहरे तथा निर्मला उबनारे सहित कांग्रेस नेता सुमीत शिवहरे द्वारा लगाते हुए दुकानों को सील करने पर विरोध जताया गया है। शनिवार बसस्टेंड पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने क्षतिग्रस्त दुकानों का निरीक्षण करते हुए बताया कि नगर पालिका द्वारा पहले दुकानों की मरम्मत करना चाहिए जिसके बाद ही वसूली की जाना चाहिए। अधिकांश दुकानों की छतों के प्लास्टर झड़ चुके हैं, नपा द्वारा कभी दुकानों की रंगाई पुताई नहीं की गई इसके बावजूद बिना दुकानदारों को नोटिस दिए सीधे दुकानें सील की जा रही है जो गलत है तथा वे इसका विरोध करते हैं। उन्होने बताया कि नगर पालिका अधिकारी सहित कर्मचारी अक्रामक होकर दुकानों पर पहुंच रहे हैं तथा व्यापारियों से वसूली को लेकर अभद्र व्यवहार करते हुए अपमानित कर रहे हैं जिससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उन्होने बताया कि नगर

पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों के इस रवैये से व्यापारियों में असंतोष व्याप्त है।

Read Also; Betul Daily News- घायल कुत्ते पर कार चढ़ाई, घटना से लोगों में रोष व्याप्त

प्रतिवर्ष किराया जमा करने के बावजूद की दुकान में तालाबंदी

पूरे मामले में नगर पालिका द्वारा मनमानी करते हुए प्रतिवर्ष मार्च के अंत में किराया जमा करने वाले व्यापारी तुषार उदासी की दुकान सील करने पर कांग्रेस द्वारा विरोध दर्ज किया गया है। सुमीत शिवहरे ने बताया कि तुषार द्वारा प्रतिवर्ष मार्चके अंत में किराया जमा किया जाता है जिसके पास वर्ष 2025 तक किराया जमा करने की रसीद भी है। इस वर्ष भी वे मार्च के अंत में किराया जमा करने वाले थे लेकिन इसके पूर्व ही फरवरी में नगर पालिका द्वारा उनकी शुक्रवार दुकान सील कर दी गई। उन्होने बताया कि तुषार जैसे तैसे आजिविका चला रहे हैं लेकिन दुकान सील करने से सीधे उनके सामने रोजी रोटी का संकट आ गया है। उन्होने बताया कि बिना नोटिस के दुकानों को सील करना सीधे सीधे नगर पालिका की मनमानी दर्शा रही है।

तीन गुना किराया बढ़ाने से आहत है छोटे व्यापारी

नगर पालिका द्वारा बिना किसी का सलाह मशविरा लिए तुगलकी तौर पर पूर्व से तीन गुना अधिक किराया बढ़ा दिया गया है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष शिव माहोरे सहित पार्षदों ने बताया कि परिषद में इस प्रस्ताव का कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों द्वारा विरोध भी किया गया इसके बावजूद किराया तीन गुना बढ़ाया गया जिससे छोटे व्यापारी परेशान हो गए हैं। वर्तमान में अधिकांश छोटे व्यापारी जैसे तैसे व्यापार करके अपनी आजिविका चला रहे हैं इस पर नगर पालिका द्वारा सीधे तीन गुना किराया बढ़ाने से अधिकांश व्यापारी परेशान नजर आ रहे हैं।

बिना नोटिस दिए सीधे वसूली एवं तालाबंदी

कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने बताया कि नगर पालिका की मनमानी का आलम यह है कि दुकानदारों को नोटिस दिए बिना अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अमला दुकानों पर पहुंच रहा है तथा तत्काल किराया जमा नहीं करने पर दुकानों पर तालाबंदी की जा रही है। उन्होने बताया कि कई व्यापारियों के पास एकमुश्त राशि नही होने से वे किराया जमा नहीं कर पा रहे हैं जिन्हे कुछ समय का नोटिस देना चाहिए। पार्षद अंजली शिवहरे तथा निर्मला उबनारे ने बताया कि नगर पालिका के द्वारा सीधे एक तरफा कार्रवाई की जा रही है जो गलत है इसके खिलाफ वे उच्चाधिकारियों से नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारियों की शिकायत करेंगे। व्यापारी मयंक पाठक, भवानी पटेल तथा कृष्णा गावंडे ने बताया कि नगर पालिका द्वारा यह सीधे मनमानी है।

वसूली में पक्षपात, रसूखदारों को दी जा रही सहूलियत

नगर पालिका की वसूली के मामले में व्यापारियों ने बताया कि एक तरफ 20 हजार बाकि होने पर छोटे व्यापारियों की दुकानें सील की जा रही है वहीं कई नेताओं एवं रसूखदारों पर लाख रूपया किराया भी बाकि होने पर उन्हें सहूलियत दी जा रही है। दुकानदारों ने कहा कि नियम सभी के लिए बराबर होना चाहिए लेकिन नगर पालिका के अधिकारी रसूखदारों के आगे नतमस्तक हैं वहीं छोटे व्यापारियों की आजिविका से खेल रहे हैं जिससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों ने आरोप लगाए कि अधिकारी मानवता को ताक पर रखकर व्यापारियों संवाद हीनता बनाए हुए हैं तथा परेशान लोगों से ना तो मिल रहे हैं और ना ही उनकी समस्या सुन रहे हैं जिससे ऐसा लग रहा है कि मानो उनकी कोई सुनने वाला ही नहीं है।

Leave a Comment