Betul News Today/मुलताई । नगर से चंदोरा मार्ग पर शासकीय महाविद्यालय के आसपास सड़क के दोनों ओर लगातार बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। हाल ही में हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग तेज कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि महाविद्यालय के मुख्य द्वार से लेकर सड़क किनारे तक अवैध गुमटियां, चाय-नाश्ते की दुकानें एवं अन्य अस्थायी निर्माण तेजी से बढ़ गए हैं। कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर दुकानों के माध्यम से किराया वसूले जाने की भी शिकायत की गई है, जबकि जिम्मेदार विभाग इस पर ध्यान नहीं दे रहा है। बताया जा रहा है कि बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी होती जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी कारण यहां बार-बार सड़क हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अवैध अतिक्रमण हटाकर क्षेत्र को मुक्त नहीं कराया गया, तो आने वाले समय में यह स्थान दुर्घटनाओं का स्थायी केंद्र बन सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों पर कार्रवाई तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है l
शासकीय महाविद्यालय रोड के दोनों ओर अतिक्रमण, दुर्घटना से ग्रामीणों में रोष
Published on:

