मां ताप्ती को चुनरी अर्पित कर महाआरती में शामिल हुए पदयात्री
Betul News Today/मुलताई। मां ताप्ती की 34 दिवसीय अर्ध परिक्रमा का समापन मंगलवार शाम ताप्ती तट पर हुआ। विगत 15 जनवरी को 60 पदयात्री सूरत से अर्ध परिक्रमा पूर्ण करने के संकल्प के साथ पदयात्रा पर निकले थे। लगभग 850 किलोमीटर की लगातार पदयात्रा के बाद मंगलवार पदयात्रा का विधि विधान से ताप्ती तट पर समापन किया गया। पदयात्रा मुलताई पहुंचते ही बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों श्रद्धालुओं सहित जागरूक नागरिकों ने पदयात्रियों का पुष्प वर्षा करके एवं पुष्प हार पहना कर स्वागत किया। इसके बाद गाजे बाजे के साथ पदयात्री नगर के मुख्य मार्ग से होकर गुजरे जहां जगह जगह पुष्प वर्षा से पदयात्रियों का नगरवासियों ने स्वागत सत्कार किया। नपा सभापति अजय यादव तथा पार्षद सुरेश पौनीकर ने बताया कि पदयात्रियों का नगर प्रवेश पर पूरे उत्साह से स्वागत किया गया। इस पावन अवसर पर मां ताप्ती को पदयात्रियों द्वारा विशाल चुनरी अर्पित की गई तथा सभी पदयात्री मां ताप्ती की महाआरती में शामिल हुए। समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिवर्ष मां ताप्ती पदयात्रा का आयोजन किया जाता है जो 34 दिन की होती है। पदयात्रा के तहत श्रद्धालु उद्गम से मां ताप्ती के समुद्र संगम स्थल सूरत पहुंचते हैं। इस दौरान मां ताप्ती को प्रदूषण मुक्त रखने, तटों की सफाई सहित पर्यावरण संरक्षण का संदेश पदयात्रियों द्वारा दिया जाता है।
Betul Update News- दुर्गा मंदिर परिसर में किया बेल पत्र और आंवले का पौधारोपण

