मेधावी छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान
Betul News Today/मुलताई। साहू समाज द्वारा समाज की आराध्य देवी मां कर्मा के जन्मोत्सव के अवसर पर विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। साहू समाज अध्यक्ष पवन साहू बिसने एवं कार्यक्रम प्रभारी कृष्णा साहू ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना एवं भोग अर्पित कर की गई। इसके बाद सामाजिक बंधुओं द्वारा बजरंग दल चौक पर खिचड़ी प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
Read Also: मोतियाबंद जांच शिविर में 145 मरीजों ने कराया पंजीयन, 64 नेत्र मरीज ऑपरेशन के लिए चिन्हित
दोपहर 4 बजे से शीतला माता मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए। शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन किया गया, जिसके बाद समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में गौ सेवा एवं गौ रक्षा कार्य में योगदान देने वाले गौ रक्षकों तथा शीतला माता मंदिर में प्रतिदिन आरती-पूजा करने वाले भक्तों का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में साहू समाज अध्यक्ष पवन साहू बिसने ने सभी सामाजिक बंधुओं एवं अतिथियों का आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश साहू द्वारा किया गया।

