Betul News Today: मखमल में टाट का पैबंद है नव निर्मित बगीचे के सामने पसरी गंदगी

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                   नगर पालिका द्वारा नही हटाई जा रही गंदगी, लोग हो रहे परेशान

Betul News Today/मुलताई। नगर में अमरावती मार्ग पर नवनिर्मित बगीचे के सामने पसरी गंदगी मखमल में टाट का पैबंद जैसी नजर आ रही है। लंबे समय से बगीचे का निर्माण नगर पालिका द्वारा किया जा रहा है जो अब लगभग पूर्णता के करीब है। उक्त बगीचे एवं रोड के बीच जमकर गंदगी पसरी हुई है जहां गंदगी में रहने वाले पशु में नजर आते हैं। गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में बदबू चलती रहती है जिससे आसपास के रहवासी परेशान होते हैं। रहवासियों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग पहले से कचरा रोड के किनारे डालते रहे हैं। लेकिन पहले जहां कचरा उठा लिया जाता था वहीं अब लंबे समय से कचरा उठाया नहीं जा रहा है जिससे गंदगी बढ़ती जा रही है। इधर अन्य लोगों ने बताया कि जब नगर पालिका द्वारा मार्ग के किनारे सुंदर बगीचा लाखों की लागत से विकसित किया जा रहा है तो वहां साफ सफाई रखना आवश्यक हो गया है लेकिन इसके बावजूद गंदगी नही हटाने से बगीचे का निर्माण भी व्यर्थ लग रहा है। सभापति अजय यादव ने बताया कि नगर पालिका द्वारा बगीचा निर्माण स्थल को लेकर उन्होने आपत्ति जताई थी इसके बावजूद गंदगी की जगह पर ही बगीचे का निर्माण किया गया ऐसी स्थिति में नगर पालिका को गंदगी हटाना आवश्यक है अन्यथा बगीचे में भी लोग गंदगी करने से नहीं चूकेंगे।

मार्ग के पास ही पड़ा रहता है कचरा एवं गंदगी

नगर पालिका द्वारा जिस जगह बगीचा निर्माण किया गया है वहां रोड के किनारे बड़ी मात्रा में कचरा एवं गंदगी पड़ी रहती है साथ ही कचरा उठाने के वाहन भी वहीं छोड़ दिए जाते हैं। लोगों ने बताया कि ऐसी स्थिति में लोग कैसे गंदगी पार करके बगीचे में पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि जब बगीचा बनाया जा रहा है तो आसपास की साफ सफाई भी नगर पालिका को आवश्यक रूप से करना चाहिए। अब बगीचा निर्माण लगभग पूर्णता की ओर है ऐसी स्थिति में बगीचे के पास ही गंदगी जमा रहने से लोग बगीचे में पहुंचने से परहेज कर सकते हैं। नगर पालिका को बगीचा प्रारंभ करने के पहले बगीचे के सामने सहित आसपास की पूरी तरह सफाई करते हुए उक्त जगह की सतत सफाई रखना आवश्यक है।

Betul Local News- ताप्ती तट गणेश मंदिर में संपन्न हुआ सुंदरकांड पाठ

बड़ी संख्या में खड़े रहते हैं कंडम वाहन

बगीचे के सामने जहां कचरा एवं गंदगी का अंबार है वहीं बड़ी संख्या में आसपास के लोगों ने बगीचे एवं मार्ग के बीच कंडम वाहन खड़े कर दिए गए हैं। वाहनों के खड़े रहने से जहां दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है वहीं गंदगी भी बढ़ रही है। नियमानुसार उक्त स्थल से सभी कंडम एवं अन्य वाहनों को हटाया जाना चाहिए ताकि गंदगी पूरी तरह समाप्त हो सके। लेकिन स्थिति यह है कि एक तरफ बगीचे का निर्माण जारी है वहीं गंदगी, भी लगातार बढ़ती जा रही है जिसके लिए नगर पालिका की लापरवाही स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रही है। बताया जा रहा है कि नगर में सार्वजनिक तौर पर पहले बगीचे का निर्माण हो रहा है लेकिन उसके सामने भी गंदगी का साम्राज्य होने से बगीचे में आने जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

इनका कहना है-

बगीचे के आसपास सफाई करने के बावजूद लोग कचरा एवं गंदगी डाल रहे हैं जिससे गंदगी बढ़ रही है। इसके लिए नगर पालिका द्वारा फेंसिंग लगाई जा रही है ताकि लोग वहां कचरा नहीं डाल सके।

महेश शर्मा उपयंत्री नगर पालिका मुलताई ।

Leave a Comment