वर्षों बाद रूकेगा जलाशय में पानी, लोगों को निस्तार की मिलेगी सुविधा

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                                                बारिश के पूर्व सूर्यनारायण जलाशय का काम पूरा होना आवश्यक

Betul Samachar/मुलताई। नेहरू वार्ड में सूर्यनारायण जलाशय का कार्य तेजी से चल रहा है क्योंकि बारिश के पूर्व जलाशय का निर्माण पूर्ण करना आवश्यक है। नगर पालिका द्वारा जल संसाधन विभाग के सहयोग से निर्मित किए जा रहे जलाशय के पूर्ण होने पर वर्षों बाद जलाशय में पानी रूकेगा जिससे आसपास के लोगों को जहां निस्तार की सुविधा मिलेगी वहीं जलस्त्रोतों का जलस्तर भी बढ़ेगा। सूर्यनारायण सरोवर का निर्माण वर्षों पूर्व किया गया था लेकिन तकनीकि त्रुटि के कारण सरोवर से पानी का रिसाव होने से बारिश का पानी सरोवर में नही रूकता था जिससे बाद में सरोवर खाली पड़ा रहता था। सूर्यनारायण सरोवर की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि बारिश में तीन ओर से पानी एकत्रित होता है यदि पानी का रिसाव नहीं हो तो वर्ष भर सरोवर में पानी बना रह सकता है जिससे लोगों को भी सुविधा हो सकती है। नगर पालिका द्वारा सरोवर की स्थिति को सुधारने के लिए जल संसाधन विभाग के सहयोग से 1 करोड़ 6 लाख की लागत से सरोवर का कार्य किया जा रहा है जिससे भविष्य में सरोवर में पानी रूक सकता है। फिलहाल बारिश के पूर्व सरोवर निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है तथा नगर पालिका पर समय सीमा में इसे पूर्ण करने का भी दबाव बना हुआ है। आगामी एक माह में बारिश आने से सरोवर निर्माण पूर्ण करने के लिए गिने चुने ही दिन बचे हैं इसलिए समय सीमा मे निर्माण कार्य पूर्ण होना आवश्यक है अन्यथा कार्य अधूरा रहने से फिर समस्या खड़ी हो सकती है।

उपयंत्री बोले बेसिक कार्य पूर्ण हो चुका

सूर्यनारायण जलाशय को पूर्ण करने के लिए नगर पालिका द्वारा कार्य में तेजी लाई गई है तथा सतत रूप से बांध की दीवार का कार्य किया जा रहा है। इस संबन्ध में उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि बारिश के पूर्व सरोवर का कार्य पूर्ण किया जाना है जिसमें फिलहाल जलाशय का बेसिक कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है जिसके बाद अन्य कार्य पूर्ण किए जाएंगे। उन्होने बताया कि फिलहाल निर्धारित समय सीमा के अनुसार कार्य में प्रगति है जिससे जलाशय का कार्य शीघ्र पूर्ण होगा। इसके बाद अतिरिक्त कार्य पूर्ण किए जाएंगे जिसे लेकर भी नगर पालिका अलर्ट है।

BETUL NEWS: कोथलकुण्ड में बिजली कटौती से लोग परेशान, बढ़ रहा आक्रोश

पाथ वे, लाईटिंग तथा प्लांटेशन का कार्य भी होगा

सूर्यनारायण जलाशय में टाप पर पाथ वे का निर्माण नगर पालिका द्वारा किया जा रहा है जहां रैलिंग के साथ साथ प्लांटेशन का कार्य भी किया जाएगा। उपयंत्री शर्मा ने बताया कि इसके साथ ही लाईटिंग भी लगाई जाएगी। उन्होने कहा कि पिचिंग का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होने बताया कि वर्तमान में लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है जिससे बारिश में पानी का रोका जा सकता है। उपयंत्री शर्मा के अनुसार बेसिक कार्य पूर्ण करने के बाद अतिरिक्त कार्य आगे तक पूर्ण किए जा सकते हैं इसलिए बेसिक कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर का आकर्षक स्थल होगा सूर्यनारायण जलाशय

नगर पालिका द्वारा नेहरू वार्ड में निर्मित किए जा रहे सूर्यनारायण जलाशय के साथ ही बगीचे का भी निर्माण किया जा रहा है जिससे यह पूर्ण होने पर नगर का आकर्षक स्थल होगा। जलाशय पर पाथ वे, रैलिंग तथा लाईटिंग से शाम के समय लोगों के घूमने के लिए यह स्थल उपयुक्त होगा। साथ ही बगीचे का निर्माण होने से बच्चे तथा वृद्ध लोग टहल भी सकते हैं। जलाशय तथा बगीचे का निर्माण पूर्ण होने के बाद अमरावती रोड की रौनक स्वतः ही बढ़ जाएगी साथ ही इसे स्वच्छ रखने के लिए भी नगर पालिका को मेहनत करना होगा जिससे यह नगर का सबसे आकर्षक स्थल बन सकता है।

Leave a Comment