महिला पार्षद ने नपा पर कंगाली का आरोप लगाकर जताया विरोध, खुद के पैसे से रखवाए मटके
Betul Samachar/मुलताई। नगर पालिका द्वारा गांधी चौक में गर्मी के अंत में प्याऊ खोलने की औपचारिकता की गई जिसमें शेड बनाने के बाद नगर पालिका ने मटके और पानी नही रखा जिसका विरोध वार्ड पार्षद अंजली शिवहरे ने करते हुए स्वयं के खर्चे पर दो मटके बुलाकर पानी भराया गया। पार्षद अंजली शिवहरे ने नगर पालिका पर कंगाली का आरोप लगाते हुए कहा कि गर्मी के अंत में प्याऊ खोला जा रहा है जहां से मटके एवं पानी नदारद है जिससे साफ है कि नगर पालिका की आर्थिक स्थिति कितनी गंभीर है। उन्होने सीधे भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद नगर पालिका की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है तथा नपा कंगाली की हालत में है जहां मटके भरवाने के लिए भी नपा के पास राशि नहीं है। उन्होने कहा कि नगर पालिका द्वारा गर्मी निकलते समय प्याऊ खोला जा रहा है जिसमें शेड बनाने के चार दिन बाद भी मटके एवं पानी नही रखा गया इस दौरान उनके साथ सुमीत शिवहरे, प्रकाश सेवतकर, अखिलेश फुलवार, टीनू मिश्रा, रितेश शर्मा, संजू अग्रवाल, गोल्डी अग्रवाल, किशन मराठा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे जिन्होने नगर पालिका की लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
भाजपा का विकास में पक्षपात जनता को बताएंगे
कांग्रेस नेता सुमीत शिवहरे ने बताया कि नगर पालिका में भाजपा की परिषद द्वारा भाजपा के पार्षदों के वार्डों में तो विकास कार्य कराया जा रहा है लेकिन कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सीधे सीधे पक्षपात कर रही है जबकि नपा के टैक्स पूरे नगर की जनता देती है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का यह पक्षपात वे नगर की जनता तक पहुंचाएंगे और बताएंगे कि भाजपा द्वारा सीधे वार्डों में विकास कार्यों को लेकर पक्षपात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे घरों घर जाकर नपा की बदहाली बताकर लोगों से चंदा एकत्रित कर नगर पालिका में जमा कराएंगे।
CRIME NEWS: किसानों के खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाले चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
विद्युत बिल तथा कर्मचारियों को वेतन देने के पड़े लाले
पार्षद अंजली शिवहरे ने बताया कि भाजपा के शासन में नगर पालिका की आर्थिक स्थिति कितनी गंभीर हो चुकी है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नपा के पास कर्मचारियों को वेतन देने के लाले पड़े हुए हैं। वेतन नही मिलने से कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है। इसके अलावा नगर पालिका के पास विद्युत बिल जमा करने का भी इंतजाम नही होने से विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लाईन काट दी गई थी जिससे विवाद उपजा था। उन्होने बताया कि भाजपा की परिषद में नगर पालिका की स्थिति दिनों दिन बद से बदतर होती जा रही है।
नगर पालिका ने आनन फानन में रखवाए चार मटके
इधर विवेकानंद वार्ड पार्षद के द्वारा विरोध दर्ज कराने के बाद नगर पालिका द्वारा आनन फानन में चार मटके रखवा कर उसमें पानी भराया गया है। उपयंत्री योगेश अनेराव ने बताया कि गांधी चौक में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए प्याऊ खोला गया है जिसमें शीतल जल की व्यवस्था की गई है। उन्होने बताया कि प्याऊ में नगर पालिका का कर्मचारी उपस्थित रहेगा जो लोगों को पानी पिलाने के साथ ही प्याऊ के रख रखाव पर भी ध्यान देगा।