कार्तिक पूर्णिमा के शुभ मुहूर्त में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र ताप्ती सरोवर में डुबकी लगाकर प्राप्त किया पुण्य फल

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
     बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी जिले सहित महाराष्ट्र से भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु, शाम तक होता रहा स्नान ध्यान

Betul Samachar/मुलताई। कार्तिक पूर्णिमा के शुभ मुहुर्त में पवित्र नगरी मुलताई स्थित ताप्ती सरोवर में अल सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे तथा आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य फल प्राप्त किया। मंगलवार रात्री 12 बजे के बाद से ही बाहर के श्रद्धालु मुलताई पहुंचना प्रारंभ हो गए तथा सुबह शुभ मुहुर्त में स्नान प्रारंभ हो गया। इस दौरान ताप्ती तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ होने लगी तथा देखते ही देखते तासी तट के चारों ओर श्रद्धालु नजर आने लगे। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान ध्यान के लिए मुलताई एवं क्षेत्र सहित बैतूल जिला, छिंदवाड़ा जिला, सिवनी जिला सहित महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ताप्ती तट पहुंचे तथा स्नान करने के उपरांत मां ताप्ती की पूजना अर्चना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान करने पर पुण्य लाभ प्राप्त होने की मान्यता के चलते वे प्रतिवर्ष पवित्र नगरी पहुंचते हैं तथा पुण्य फल प्राप्त करते हैं।

सुबह से ही चाय, पोहा आदि का वितरण हुआ प्रारंभ

नगर के सेवाभावी धार्मिक तथा सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के द्वारा नगर में भारी भीड़ के आगमन के चलते सुबह से ही ताप्ती तट सहित मुख्य मार्ग पर चाय, पोहा तथा अन्य सामग्री के स्टाल लगाकर लोगों को वितरण किया गया। इसके बाद दोपहर में सेवाभावी लोगों के द्वारा श्रीराम मंदिर परिसर तथा बसस्टेंड पर टैक्सी यूनियन के द्वारा विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया जिसमें हजारों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की।

लायंस क्लब ने सुबह 5 बजे से किया चाय का वितरण

लायंस क्लब द्वारा ताप्ती तट पर सुबह 5 बजे से चाय का वितरण प्रारंभ किया गया। दीपेश बोथरा ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मुलताई में पधारे श्रद्धालुओं को चाय का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि कुल 7500 कप चाय का वितरण किया गया। इसके साथ ही क्लब के पदाधिकारियों द्वारा लोगों को स्वच्छता के लिए भी जागरूक किया गया। उन्होने बताया कि सुबह ठंड में स्नान करके सरोवर में निकलने वाले श्रद्धालुओं को सबसे पहले चाय की आवश्यकता होती है जिसके लिए लायंस क्लब प्रतिवर्ष हजारों कप चाय का वितरण करता है।

Read Also: BETUL NEWS: कार्तिक पूर्णिमा पर वन भोज वन विहार का लिया आनंद

मार्ग पर भीड़ में घूमते रहे मवेशी, लोगों में बना रहा भय

ताप्ती सरोवर परिक्रमा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होने के बावजूद मवेशी भीड़ में घूमते रहे जिससे लोग बचते हुए निकलते रहे। एक दिन पूर्व शांति समिति की बैठक में बेसहारा मवेशियो को परिक्रमा मार्ग से हटाने के निर्णय के बावजूद भी परिक्रमा मार्ग पर मवेशी नजर आए। इधर एक सांड द्वारा बाहर से मुलताई पहुंचे श्रद्धालु को भी चोटिल करने की खबर है। श्रद्धालुओं ने बताया कि वैसे तो परिक्रमा मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बेसहारा मवेशियों को घूमते देखा जा सकता है लेकिन कार्तिक पूर्णिमा पर बाहर से भारी संख्या में लोगों के आवागमन पर मवेशियों को हटाया जाना आवश्यक था।

नगर पालिका ने की सर्तकता एवं सुरक्षा की अपील

ताप्ती तट पर पहुंचे हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जहां ताप्ती सरोवर में नपा द्वारा बचाव टीम नियुक्त की गई थी वहीं पुलिस द्वारा एसडीइआरएफ की टीम भी मौजूद थी। इधर नगर पालिका द्वारा माईक से लोगों को सर्तकता की अपील की जा रही थी। पुलिस प्रशासन द्वारा व्यवस्था बनाने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी नियुक्त किया गया था। नगर में भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रही।

Leave a Comment