कांग्रेस की रैली को लेकर भाजपा कांग्रेस आमने सामने, आरोप प्रत्यारोप

By betultalk.com

Published on:

Follow Us
                भाजपा अध्यक्ष ने कहा विद्यार्थियों से भीड़ जुटाई, कांग्रेस अध्यक्ष बोले लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें

Betul Samachar/मुलताई। नगर में गुरूवार कांग्रेस ने विरोध रैली निकालकर भाजपा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया था। जिसके बाद भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का घमासान मच गया। शुक्रवार भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली में आईटीआई के विद्यार्थियों को भीड़ बढ़ाने के लिए शामिल किया गया। वहीं कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अरूण यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रही थी जिसमें युवा विद्यार्थी भी शामिल थे लेकिन भाजपा नगर की समस्याओं को छोड़कर कांग्रेस की रैली पर ध्यान दे रही है। पूरे मामले में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद नगर की राजनैतिक सरगर्मी कड़ाके की ठंड के बावजूद बढ़ गई है।

भाजपा ने कहा आईटीआई के बच्चे बैग सहित रहे उपस्थित

भाजपा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा गया कि कांग्रेस की रैली में आईटीआई के विद्यार्थी बैग सहित उपस्थित रहे ऐसी स्थिति में उन्हे राजनैतिक रैली में शामिल करना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मंडल अध्यक्ष गणेश साहू के अनुसार कांग्रेस सत्ता से बाहर होने से स्थिति इतनी खराब हो गई है कि अब निजी हित के लिए विद्यार्थियों के इस्तेमाल से भी नहीं चूक रही है। उन्होने कहा कि हताशा एवं भीड़ नही जुटने से कांग्रेस को आईटीआई के विद्यार्थियों को भीड़ बढ़ाने शामिल करना पड़ा जिसके लिए बच्चों के पालकों को भी सोचना आवश्यक है।

Betul Ki Khabar- रोजगार सहायक को पद से हटाने की मांग

कांग्रेस ने कहा रैली की जगह नगर में समस्याओं पर ध्यान दें

इधर भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस ने भी प्रत्यारोप करते हुए कहा है कि नगर में समस्याओं की भरमार है ऐसे में युवा वर्ग भी परेशान है। कांग्रेस की विरोध रैली में आईटीआई के बड़ी संख्या में युवा शामिल होना यह बताता है कि युवा वर्ग भाजपा की नीतियों से संतुष्ट नहीं है। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने कहा कि भाजपा के शासन में नगर में अवैध कार्यों की भरमार है, गली गली में जुआ सट्टा सहित अवैध रूप से शराब की बिक्री हो रही है तथा महिलाएं परेशान हैं इधर प्रदेश में कहीं कफ सिरप से बच्चों की मौत हो रही है कहीं दूषित पानी से लोग मर रहे हैं। नगर में कई विकराल समस्याएं हैं लेकिन उन पर ध्यान नही देकर कांग्रेस की रैली पर भाजपा का ध्यान है जो हास्यास्पद है।

Leave a Comment