Crime News/आठनेर:- हिरादेही में आयोजित फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। रंजिश का मुख्य कारण बैरमढाना में आयोजित विवाह समारोह में डीजे पर नाचने को लेकर 5 माह पुर्व हुए विवाद ने इस बार खूनी घटना का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हीरादेही में लगा था फागुन मेला
आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरमढाना निवासी राम प्रसाद कवडे ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। राम प्रसाद के अनुसार 5 मार्च 2026 को ग्राम हिरादेही में फागुन मेले का आयोजन हो रहा था। उसी दिन दोपहर करीब चार बजे वह अपनी मौसी रनौती धुर्वे के घर गया हुआ था। शाम करीब पांच से छह बजे के बीच मौसी के घर के सामने सड़क की ओर से झगड़े की आवाज सुनाई दी। शोर सुनकर जब वह बाहर पहुंचा तो देखा कि सातकुंड निवासी मोहित वाडिवा अपने साथियों के साथ उसके बड़े पिताजी के बेटे गोविंद और विशाल से गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर रहा था। विवाद हिंसक में बदला और मोहित वाडिवा ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गोविंद की दाहिनी कमर में चाकू घोंप दिया गया, जबकि विशाल के दाहिने पैर की जांघ और बाएं कंधे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर काफी खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों और फरियादी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। भीड़ जुटती देख आरोपी अपने साथियों के साथ वहां से भाग निकले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर पहुंचते ही गोविंद की मौत हो गई जबकि विशाल का इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 19 फरवरी 2026 को ग्राम बैरमढाना में राम सलामे की शादी के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर गोविंद, विशाल और मोहित वाडिवा तथा उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस के अनुसार इसी पुरानी दुश्मनी के चलते 5 मार्च को मौका मिलने पर आरोपियों ने चाकू से हमला किया। वहीं फरियादी की शिकायत के आधार पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 47/26 दर्ज किया गया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296-बी, 115(2), 103(1) और 3(5) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई है। बैतूल के पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आठनेर पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित पिता केशोराव बाडिया उम्र 23 वर्ष निवासी सातकुंड तथा दो अपचारी बालक शामिल हैं, जिनकी उम्र 17-17 वर्ष बताई गई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को 8 मार्च 2026 को भैंसदेही न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Betul Samachar- सर्व सामाजिक संगठन द्वारा पीड़ित परिवार को 14310 रुपये की आर्थिक मदद

