रुपयों के लेन देन को लेकर था विवाद, रस्सी से गला घोंटकर की हत्या
Crime News/मुलताई। प्रभात पट्टन मार्ग पर नवोदय विद्यालय रोड के पास वर्ष 2024 को मिले वृद्ध महिला के अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने दो वर्ष बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार विगत 22 अक्टूबर 2024 को फरियादी एजाज पिता शरीफ अंसारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी प्रभात पट्टन द्वारा सूचना दी गई कि नवोदय विद्यालय रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना पर चौकी प्रभारी पट्टन एवं मुल्ताई पुलिस मौके पर पहुंची एवं निरीक्षण किया गया।
मृतिका की उम्र लगभग 62 वर्ष पाई गई, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान एवं गले पर लिगेचर मार्क पाए गए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष संकलन की कार्रवाई की गई एवं घटनास्थल की फोटोग्राफी कराई गई। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाए जाने पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 735/24 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान मृतिका की पहचान सरूबाई बोहरपी 62 वर्ष निवासी ग्राम देवगांव थाना मुलताई के रूप में हुई। पुलिस द्वारा उक्त मामले में कार्यवाही करते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए गए एवं संदिग्ध व्यक्तियों से लगातार पूछताछ की गई। संदेही सुनील बोहरपी से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार किया तथा अपने साथी अविनाश गाठे का नाम बताया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पैसों के लेनदेन को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में आरोपी सुनील बोहरपी ने ग्राम देवगांव में एक मकान खरीदा था, जिसमें पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उसी क्षेत्र में मृतिका सरूबाई बोहरपी रहने लगी थी, जिससे आरोपी का पूर्व से विवाद था।
21 अक्टूबर 2024 को आरोपी के घर में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें गांव के लोग आमंत्रित थे।आरोपी की मां द्वारा सरूबाई को भोजन हेतु बुलाने पर वह विवाद करने लगी। इस पर आरोपी स्वयं सरूबाई को बुलाने गया, जहां दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान सरूबाई द्वारा आरोपी का कॉलर पकड़ने पर आरोपी ने गुस्से में उसे जोर से धक्का दिया।
Betul Ki Taja Khabar: चिचोली में जंगली सूअर का हमला, किसान घायल
रस्सी से गला घोंटकर की थी हत्या
आरोपी ने बताया कि धक्का लगने से सरूबाई का सिर दीवार से टकराया और वह बेहोश होकर गिर गई।इसके बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपने नौकर अविनाश गाठे को बुलाया।
दोनों ने शव को काले रंग की चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से जंगल में ठिकाने लगाने के लिए ले जाना शुरू किया।रास्ते में वाहन की रोशनी देखकर अविनाश डरकर मोटरसाइकिल से कूदकर भाग गया, जिससे शव सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधकर मोटरसाइकिल से घसीटते हुए ले जाने का प्रयास किया।सामने से वाहन आते देख आरोपी ने शव को नवोदय विद्यालय रोड किनारे छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया।
आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश
पुलिस द्वारा सुनील बोहरपी पिता जगन्नाथ बोहरपी ,मउम्र 38 वर्ष तथा अविनाश गाठे पिता धनराज गाठे उम्र 28 वर्ष दोनों निवासी ग्राम देवगांव थाना मुलताई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक जी जे 05 ए यू 6058 अन्य साक्ष्य सामग्री जब्त की गई।

