उसी मार्ग पर कुछ दिन पहले टूटे थे पांच दुकानों के ताले
Crime News/मुलताई। नगर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और अब चोरों ने धार्मिक स्थलों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला नगर के हनुमान मंदिर एवं जलाराम मंदिर से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने दान पेटियों से हजारों रुपये पार कर दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना दोपहर लगभग 12 बजे की बताई जा रही है, जब अज्ञात व्यक्ति मंदिर परिसर में पहुंचा और मौके का फायदा उठाकर दान पेटियों से नगदी निकालकर फरार हो गया। इस संबंध में दिनेश पटेल एवं अमित पटेल ने बताया कि जलाराम जयंती के बाद से दान पेटी नहीं खोली गई थी, जिसके चलते उसमें बड़ी राशि जमा हो गई थी, इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने दोनों मंदिरों की दान पेटियों से करीब 50 से 80 हजार रुपये चोरी कर लिए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
Betul Ki Taja Khabar- क्षेत्र के श्याम भजन गायक सुमित महतकर ने खाटू राजस्थान में दी भव्य प्रस्तुति
लोगों का कहना है कि जब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं में भी चिंता देखी जा रही है। गौर तलब है कि नागपुर मार्ग पर कुछ दिन पूर्व ही पांच दुकानों के ताले टूटे थे तथा हजारों रुपयों की चोरी हुई थी जिसके आरोपी नहीं पकड़े गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा मंदिरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

