लकड़ी से किया था सिर पर वार
Crime News/मुलताई। घरेलू विवाद ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया, जब ग्राम पिपरिया में एक बहू ने अपनी ही सास पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज मामले में मुलताई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को फरियादिया शारदा पति शिवराम चिकाने 55 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरिया ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसी दिन सुबह करीब 9 बजे आरोपी रश्मि चिकाने उसके घर के सामने आई और बिना किसी कारण लकड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि आरोपी रश्मि ने इससे पहले अपनी 82 वर्षीय सास प्रमिला बाई चिकाने के साथ भी बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना में दिनेश पाठेकर एवं कलश पाठेकर को भी चोटें आईं। सभी घायलों को तत्काल मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Read Also: CMO द्वारा झूला संचालकों पर कराई जा रही FIR, उपयंत्री शिकायत करने पहुंचे थाने
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रमिला बाई को बेहतर उपचार के लिए एम्स भोपाल रेफर किया गया, जहां 23 फरवरी 2026 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि प्रमिला बाई की मौत मारपीट के दौरान लगी चोटों के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी। मुलताई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी रश्मि पति रामेश्वर चिकाने 47 वर्ष निवासी ग्राम पिपरिया को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

