भव्य तिरंगा यात्रा; देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा नगर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

Har Ghar Tiranga/मुलताई- आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को मुलताई नगर में देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा कृषि मंडी प्रांगण से प्रारंभ हुई इस यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टरों को तिरंगे झंडों से सजाया गया था। हर वाहन पर तिरंगे लहराते हुए, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर, गणेश साहू, श्यामू ढोमने, सहसंयोजक उपेंद्र पाठक, जनपद पंचायत अध्यक्ष नानी बाई डहारे सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। यात्रा में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का परिचय दिया।

विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं में इस यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। यात्रा की शुरुआत से पहले अंबेडकर चौक पहुंचकर संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने माल्यार्पण किया और सभी को एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दिया। कृषि मंडी से रवाना होकर तिरंगा यात्रा अंबेडकर चौक, फव्वारा चौक, जस्तम चौक, बस स्टैंड होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। भारत माता के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और राष्ट्रभक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। तिरंगा यात्रा में शामिल ट्रैक्टर और वाहन देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे थे।

BETUL NEWS: विधायक ने विद्यार्थियों को वितरित की साइकिल –

कई युवाओं ने चेहरे पर तिरंगे की पेंटिंग बनाकर उत्साह व्यक्त किया। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में तिरंगा लहराते हुए चल रही थीं, जबकि स्कूली बच्चों के समूह देशभक्ति गीतों की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए आगे बढ़ते रहे। अंत में यात्रा पुनः कृषि मंडी प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई, जहां सभी प्रतिभागियों ने मिलकर राष्ट्रगान गाया और तिरंगे की शान बनाए रखने का संकल्प लिया। यह यात्रा नगर में देशभक्ति का ज्वार लेकर आई, जिसने हर नागरिक के मन में एकता, सम्मान और गर्व की भावना को और प्रबल कर दिया।

Leave a Comment