MP Indore News:- इंदौर में एक 33 वर्षीय महिला की शिकायत पर पुलिस ने यश चौहान उर्फ मोहम्मद जीशान निवासी धीरज नगर के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। टीआई सुशील पटेल के मुताबिक, पीड़िता ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर संबंध बनाने, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में वह पाटनीपुरा स्थित एक कॉस्मेटिक्स दुकान पर आती-जाती थी और सिटी वैन से सफर करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान वैन चालक यश से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। एक दिन यश उसे मूसाखेड़ी स्थित अपने कमरे पर ले गया, जहां उसने प्यार और शादी का प्रस्ताव रखा। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।

Read Also: स्मार्टफोन की लत ने छीनी मासूम की जिंदगी, भोपाल में छात्र ने घर में लगाई फांसी
कुछ समय बाद पीड़िता को गर्भवती होने का पता चला। उसने यह बात यश को बताई तो उसने शादी का आश्वासन दिया और उसे कन्नौद ले गया। वहां परिवार से मिलने पर पीड़िता को पता चला कि यश मुस्लिम है और उसका असली नाम मोहम्मद जीशान है। इसके बाद उसने शादी से इंकार कर दिया और कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उसकी बात नहीं मानी तो वह पेट में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुंचाएगा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2021 में उसने मूसाखेड़ी के एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। इसके बाद आरोपी ने बच्चे को अपनाने के लिए उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। जब उसने इंकार किया तो दोनों अलग रहने लगे, लेकिन आरोपी उसके कमरे पर आता-जाता रहा।
पीड़िता के मुताबिक 19 जनवरी को आरोपी उसके कमरे पर आया और संबंध बनाने के बाद फिर से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और दीवार से सिर टकरा दिया। घायल हालत में उसे बहन के घर छोड़कर फरार हो गया। बहन ने उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां 10 दिन बाद उसे छुट्टी मिली।
घर लौटने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद करणी सेना के मानसिंह राजावत के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार को मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया और अन्य स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। पेज इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं करता। कृपया किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले स्वयं जांच करें।

