थाना रोड पर आकर्षक सजावट देखने पहुंच रहे सैकड़ों श्रद्धालु
Navratri 2025/मुलताई। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर थाना रोड स्थित नव युवक तरुण मित्र मंडल द्वारा माँ दुर्गा की प्रतिमा का विधिवत स्थापना कर नौ दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंडल द्वारा अमरावती की प्रसिद्ध अम्बा माई एवं इकविरा माई की प्रतिमा स्थापित की गई है जो आकर्षण का केंद्र बन गई है। इसके साथ ही थाना रोड पर आकर्षक साज-सज्जा और भव्य झाँकी भी नगर सहित क्षेत्रवासियों को आकर्षित कर रही है। वार्ड पार्षद महेंद्र पिल्लू जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि के दिनों में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। सुबह-शाम माता की आरती में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्ति गीतों और माँ की जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है। मंडल ने प्रतिमा स्थल को विद्युत झालरों और रंग-बिरंगे फूलों से सजाकर भव्य स्वरूप प्रदान किया है। बच्चों, युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं ने बताया कि मंडल द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी देता है। प्रतिदिन भजन-कीर्तन, देवी आराधना और विशेष पूजन से वातावरण आध्यात्मिकता से सराबोर हो रहा है। नवरात्र महोत्सव के दौरान नव युवक तरुण मित्र मंडल ने क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में पहुँचकर माँ दुर्गा की आराधना करने और माता रानी के आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
Betul Samachar News- शासकीय महाविद्यालय में ऊर्जा संरक्षण संवाद एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित