Navratri 2025/भैंसदेही (मनीष राठौर):- भैंसदेही में नवरात्रि, दुर्गा नवमी एवं दशहरा पर्व के मद्देनज़र कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) भूपेंद्र सिंह मौर्य, थाना प्रभारी भैंसदेही सरविंद धुर्वे, तहसीलदार भगवानदास कमरे, नगर परिषद अध्यक्ष मनीष सोलंकी, विद्युत विभाग जेई सोलंकी सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शहर भ्रमण मार्ग का निरीक्षण
बैठक के पश्चात काली जी शहर भ्रमण रूट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर परिषद व विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्ग पर लटके हुए बिजली के तारों को ऊंचा किया जाए ताकि कोई अनहोनी न हो।
सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में अधिकारियों ने आगामी पर्वों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। विगत वर्षों के अनुभवों के आधार पर संभावित संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रोकथाम की कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
Read Also:- दुर्गा उत्सव की धूम: नगर परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष समेत पार्षदों ने किया दुर्गा पंडालों का निरीक्षण
बैठक में दिए गए आवश्यक निर्देश
- दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना केवल गैर-विवादित स्थलों पर ही हो।
- पूर्व में विवादित स्थलों एवं मोहल्लों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
- दुर्गा पंडालों, झांकियों एवं विसर्जन मार्गों पर CCTV कैमरे, वालंटियर, अग्नि और विद्युत सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- धार्मिक स्थलों के सामने तेज आवाज में आपत्तिजनक या उत्तेजक गानों व नारेबाजी पर प्रतिबंध रहेगा।
- दुर्गा समितियों के जुलूसों की विडियोग्राफी कराई जाए तथा यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
- प्रत्येक विसर्जन स्थल पर नाव, गोताखोर, बचाव सामग्री, प्रकाश व्यवस्था और होमगार्ड-प्रशासन की उपस्थिति सुनिश्चित हो।
- जुलूस मार्ग पर बिजली के लटकते तारों की जांच एवं मरम्मत विद्युत विभाग द्वारा की जाए तथा झांकियों की ऊँचाई नियंत्रित रखी जाए।
- सोशल मीडिया पर धार्मिक उन्माद भड़काने वाले संदेशों/पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और तत्काल वैधानिक कार्यवाही हो।
- साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।
समन्वय और सहयोग पर बल
अधिकारियों ने अपील की कि सभी नागरिक आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखें और सहयोग देकर पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं