मंदिरों में दोपहर 12 बजे मनाया जन्मोत्सव, दर्शन के लिए लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़
Ramnavami 2026/मुलताई। पवित्र नगरी में श्रीराम नवमी पर ताप्ती तट स्थित प्राचीन राम मंदिर एवं गांधी चौक स्थित राम मंदिर मे दोपहर 12 बजे धूमधाम से श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान दोनों मंदिरों में श्रद्धालुओं की पहले से ही भीड़ एकत्रित हो गई तथा ठीक 12 बजे रामलला के जयकारों के साथ भगवान राम का जन्मोत्सव घंटे एवं घड़ियालों की गूंज के साथ मनाया गया इसके उपरांत प्रसादी का वितरण किया गया जिसे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। इधर शाम बसस्टेंड परिसर से श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई जिसमें धुमाल ढोल एवं झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं ने शामिल होकर भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। शोभायात्रा गाजे बाजे एवं डीजे के साथ निकली शोभायात्रा में रामलला की झांकी आकर्षण का केन्द्र रही वहीं आदि योगी, महाकाली, राधा कृष्ण की झांकी दर्शनीय रही। शोभायात्रा बसस्टेंड परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का हुजुम उमड़ पड़ा। देर रात तक शोभायात्रा ने नगर भ्रमण किया जिसमें पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, संजय यादव सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं युवा वर्ग शामिल हुआ। मां दुर्गा हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि रामनवमी की लगभग एक माह पूर्व से तैयारियां की जा रही थी जिसके बाद धूमधाम से पूजा अर्चना के बाद शोभायात्रा निकाली गई।

Read Also: गलत इंजेक्शन से दो घोड़ों की मौत, 8 लाख का नुकसान,पशु चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग


