भारत विकास परिषद ने रंगो के साथ दिया सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश
Rangpanchami 2026/मुलताई। पवित्र नगरी में रंग पंचमी पर जमकर रंग गुलाल उड़ा। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए लोग जलाशयों, खेतों एवं विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर पहुंचे तथा जमकर एक दूसरे को रंग लगाकर पंचमी की शुभकामनाएं दी। नगर में धुरंडी के साथ साथ रंग पंचमी भी पूरे उत्साह से मनाई जाती है जिसमें सुबह से शाम तक रंग खेला जाता है। रंग पंचमी पर विशेष अवकाश घोषित किया जाता है जिससे पंचमी का उत्साह दोगुना हो जाता है तथा सभी वर्गों के लोग पंचमी पर जमकर रंग खेलते हैं। नगर में भी सुबह से युवाओं की टोलियां रंगों से सराबोर होकर रंग खेलने निकली तथा जो भी मिला उसे रंग लगाया। इस अवसर पर खेतों, जलाशयों के पास सहित अन्य प्राकृतिक स्थानों पर भी रंग खेलने लोग पहुंचे। कई हुरियारे गाजे बाजे के साथ भी निकले वहीं बच्चों ने रंग बिरंगी तथा आकर्षक पिचकारियों से रंग खेलकर जमकर धूम मचाई। इधर महिलाएं भी रंग खेलने में पीछे नहीं रही तथा पूरे नगर में जगह जगह ग्रुप बनकर महिलाओं ने रंग पंचमी का पूरा लुत्फ उठाया। नगर के सभी वार्डों में इस दौरान महिलाएं रंगों से सराबोर रही जिससे रंग पंचमी की धूम हर तरफ नजर आई ।

Read Also: महिला दिवस पर महिलाओं को जागरूक कर किया सम्मान, उड़ाया रंग गुलाल
सामाजिक समरसता का दिया संदेश
रंग पंचमी के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद माँ ताप्ती शाखा द्वारा सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। परिषद के सदस्यों ने किन्नर समुदाय के निवास स्थान पर पहुंचकर उन्हें रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं और त्योहार की खुशियां उनके साथ साझा की।इस अवसर पर परिषद के सदस्यों ने किन्नर समुदाय के लोगों को गुलाल लगाकर रंग पंचमी की बधाई दी। सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच सम्मान, प्रेम और समानता की भावना को मजबूत करना था।उन्होंने बताया कि किन्नर समुदाय लंबे समय से समाज की मुख्य धारा से कुछ हद तक दूर रहा है। ऐसे में उनके बीच जाकर त्योहार की खुशियां साझा करना सामाजिक समरसता की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। परिषद के इस प्रयास से यह संदेश दिया गया कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति समान सम्मान और अपनत्व का अधिकारी है। इस अवसर पर परिषद के जिला समन्वयक राजीव जैन, शाखा अध्यक्ष प्रशांत भार्गव, मुकेश जैन, देवेंद्र धोपाड़े, अभिषेक खंडेलवाल, संदीप तारे, भारत भूषण चौधरी, डॉ. राजेंद्र ठाकुर, सुनेंद्र देशमुख, विनोद जैन एवं सुमित पंजाबी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

