“कॉलेज चलो अभियान” के तहत महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

By betultalk.com

Published on:

Follow Us

School News/मुलताई। उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार एवं शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुलताई के मार्गदर्शन में संचालित कॉलेज चलो अभियान ने अब व्यापक रूप ले लिया है। इस अभियान के तहत महाविद्यालय के अलग-अलग दलों ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यालयों में पहुंचकर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व और भविष्य निर्माण की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर के शासकीय महाविद्यालय के प्राध्यापक कृष्णा नरवरे ने क्षेत्र के शासकीय विद्यालय रायआमला, मासोद एवं आष्टा का भ्रमण किया। उन्होंने छात्रों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विषय चयन की स्वतंत्रता, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और महाविद्यालय में उपलब्ध लाइब्रेरी, स्टेशनरी एवं खेलकूद सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से ‘गांव की बेटी योजना’, अनुसूचित जाति-जनजाति छात्रवृत्ति और एन.एस.एस. के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के अवसरों पर प्रकाश डाला। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. टी.एम. नागवंशी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खेड़ली बाज़ार, लीलाझर एवं मोरखा का दौरा किया।

Read Also- कर्तव्य के प्रति समर्पित रहे शिक्षक के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित

उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध अधोसंरचना और सुविधाओं से अवगत कराते हुए आगामी सत्र की प्रवेश प्रक्रिया के लिए विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया। अभियान के अंतर्गत स्थानीय विद्यालयों में भी संपर्क किया गया। महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक तारा बारस्कर एवं हिंदी की प्राध्यापक डॉ. वर्षा ठाकरे ने न्यू कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल एवं पी. एम श्री कन्या स्कूल मुलताई पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश लेने हेतु प्रेरित किया और शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न छात्र हितग्राही योजनाओं की जानकारी दी। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को स्कूली शिक्षा के बाद उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर करना है। भ्रमण के दौरान संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक गण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने महाविद्यालय की इस पहल और करियर मार्गदर्शन सत्र को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

Leave a Comment