Weather News:- मध्य प्रदेश में इन दिनों कुछ इलाकों में बादल छाए हुए हैं और कोहरा छाया हुआ है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिससे ठंड बनी हुई है। मंगलवार (4 फरवरी, 2026) को राजगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.8°C दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान 31.5°C दर्ज किया गया। ग्वालियर-चंबल इलाके में कोहरे का सबसे ज़्यादा असर दिख रहा है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़कों पर गाड़ियां धीरे-धीरे चलती दिख रही हैं।
गुरुवार सुबह (5 फरवरी, 2026) भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में कोहरा छाया रहा। पिछले दिन दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान उज्जैन में 14°C, ग्वालियर में 13.1°C, जबलपुर में 14.8°C, इंदौर में 14°C और भोपाल में 14°C थे।
8 फरवरी को सक्रिय होगा नया वेदर सिस्टम
- मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल द्वारा जारी दैनिक रिपोर्ट (4 फरवरी 2026) के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और एक ट्रफ सक्रिय है। पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 260 किमी प्रति घंटा की गति से पछुआ जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं।
- एक अन्य नया पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसका असर मध्य प्रदेश पर भी देखने को मिलेगा। इस दौरान फिर मावठा गिरने के भी आसार हैं। 6 व 7 फरवरी को ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों व विंध्य क्षेत्र में घना कोहरा और भोपाल-इंदौर समेत मध्य हिस्से में हल्के से मध्यम कोहरे छाने की संभावना है।
Aaj ka Gold Silver Rate: सोना-चांदी में आई गिरावट, जानिए 10 ग्राम का भाव
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की भरपाई करेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए है कि प्रदेश में जहां-जहां भी ओला-पाला से फसलें प्रभावित हुई हैं, उन जिलों के कलेक्टर्स, सर्वे कराकर तत्काल सहायता राशि किसानों को उपलब्ध कराएं। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने भी कहा है कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों, मकानों एवं मवेशियों की क्षतिपूर्ति के लिए सर्वे कार्य निरंतर किया जा रहा है। सर्वे पूर्ण होने के बाद सभी पात्र ओलावृष्टि प्रभावित किसानों को उनकी क्षति का पूरा मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

