Weather Update:- मध्य प्रदेश में एक चक्रवाती परिसंचरण, एक पश्चिमी विक्षोभ और एक ट्रफ के कारण मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। गुरुवार (19 मार्च, 2026) को 15 से अधिक जिलों में आसमान बादलों से घिरा रहा, जिसके साथ बारिश और ओलावृष्टि भी हुई। शुक्रवार (20 मार्च, 2026) के लिए, 34 जिलों में ओलावृष्टि और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से, 28 जिलों के लिए बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ आंधी, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की गई है, जबकि छह जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। 22 मार्च के बाद, जैसे-जैसे यह मौसम प्रणाली कमजोर पड़ेगी, तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू होने की उम्मीद है और गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगेगा। बारिश के इस अचानक दौर ने किसानों के माथे पर एक बार फिर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। ऐसी आशंका है कि खेतों में कटी हुई पड़ी गेहूं और सरसों की फसलों को ओलावृष्टि के कारण नुकसान पहुंच सकता है।
22 मार्च को एक और नई मौसम प्रणाली सक्रिय होगी
मौसम विज्ञान केन्द्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पांच चक्रवातीय परिसंचरण, एक ट्रफ और एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। ऊपरी एवं मध्य स्तर की पछुआ हवाओं में ट्रफ़, माध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर भी उत्तर में विस्तृत है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 22 मार्च 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, जिसके असर से मार्च अंत में तापमान में इजाफा होने से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। अप्रैल-मई में ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में पारा 45 °C पहुंचने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी हाल बेहाल कर सकती है। बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में लू चलने की संभावना जताई गई है।
Aaj ka Gold Silver Rate: जानिए 20 मार्च को अपने शहर के 22-24 कैरेट सोने का ताजा भाव
शुक्रवार को बारिश-बिजली का अलर्ट
- सिवनी, मंडला, बालाघाट, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ओले गिर सकते हैं।
- ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, छतरपु, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में गरज चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
- बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा,दतिया, भिंड, छिंदवाड़ा, खरगोन और पांढुर्णा जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

